विजिलेंस ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई, लुधियाना नगर निगम का सीवरमैन रिश्वत लेते दबोचा

punjabkesari.in Tuesday, Jan 20, 2026 - 01:53 PM (IST)

लुधियाना(डेविन):  मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा अपनाई गई ज़ीरो टॉलरेंस नीति के तहत पंजाब विजिलेंस ब्यूरो (VB) ने नगर निगम लुधियाना में तैनात सीवरमैन (नंबरदार) बहादुर सिंह को ₹1,50,000 की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि यह गिरफ्तारी फोकल प्वाइंट, लुधियाना स्थित गांव जमालपुर अवाना के एक निवासी द्वारा मुख्यमंत्री की एंटी करप्शन एक्शन लाइन पोर्टल पर दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई है। प्रवक्ता ने आगे बताया कि शिकायतकर्ता का आरोप था कि आरोपी सीवरमैन ने उसे नगर निगम लुधियाना में सीवरमैन की नौकरी दिलाने के बदले तीन किस्तों में कुल ₹1,50,000 की रिश्वत ली थी। इस संबंध में शिकायतकर्ता ने रिश्वत लेते समय आरोपी की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की थी।

इसके अतिरिक्त, आरोपी बहादुर सिंह ने शिकायतकर्ता से ढाई वर्षों तक सीवरेज सफाई का कार्य भी करवाया, लेकिन इसके बदले उसे कोई वेतन नहीं दिया गया। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान उपरोक्त आरोप सत्य पाए गए। इस मामले में आरोपी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो पुलिस स्टेशन, लुधियाना रेंज में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है। प्रवक्ता ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि जांच के दौरान नगर निगम लुधियाना के किसी अन्य अधिकारी की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News