कृषि मशीनरी कंपनी के टॉप अधिकारियों का पर्दाफाश, पंजाब कारोबारी का लगाया लाखों का चूना

punjabkesari.in Sunday, Jun 14, 2026 - 08:58 AM (IST)

लुधियाना  (राज): कॉरपोरेट जगत में ईमानदारी की दुहाई देने वाली एक बड़ी कृषि मशीनरी निर्माता कंपनी के टॉप अधिकारियों की बड़ी धोखाधड़ी का पर्दाफाश हुआ है। डेहलों थाने की पुलिस ने कंपनी के जापानी मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) और डिप्टी डायरेक्टर सहित पांच बड़े अधिकारियों के खिलाफ जालसाजी, अमानत में ख्यानत और आपराधिक साजिश रचने के गंभीर आरोपों में मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई गांव आलमगीर स्थित जगतसुख इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि जगजीत सिंह की शिकायत पर हुई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कंपनी के जापानी एमडी मुनेनोरी ओहटा, डिप्टी डायरेक्टर तकायुकी साइटो, अधिकारी हरमीत सिंह, ऋत्विक दास और तोशियो कोंडो के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। 

शिकायतकर्ता के मुताबिक यह पूरा खेल साल 2023 में शुरू हुआ था, जब इन शातिर अधिकारियों ने अलग-अलग राज्यों में होने वाले फील्ड ट्रायल और कृषि प्रदर्शनियों का हवाला देकर बेहद आधुनिक 'राइड-ऑन बूम स्प्रेयर' मशीनें मांगी थीं। अधिकारियों ने बड़े ही विश्वास के साथ वादा किया था कि काम खत्म होते ही मशीनें सुरक्षित लौटा दी जाएंगी। जगतसुख इंडस्ट्रीज के संचालक इन रसूखदार अधिकारियों के झांसे में आ गए और उन्होंने बकायदा डिलीवरी चालान पर 'रिटर्नेबल' लिखकर मशीनें भेज दीं। ई-मेल पर भी लिखित में यह वादा किया गया था कि मशीनें सिर्फ अस्थाई इस्तेमाल के लिए हैं। लेकिन अधिकारियों की नीयत में शुरू से ही खोट था। 

हरियाणा और महाराष्ट्र के अलग-अलग इलाकों में प्रदर्शनियों के लिए भेजी गई चार कीमती मशीनें, जिनमें से प्रत्येक की कीमत करीब 15.40 लाख रुपए है, गायब कर दी गईं। करीब दो साल तक जगतसुख इंडस्ट्रीज के लोग अपनी 61.60 लाख रुपए से अधिक की मशीनें वापस मांगते रहे, लेकिन आरोपियों के सिर पर जूं तक नहीं रेंगी। शिकायतकर्ता ने साफ कहा कि अगर उन्हें पहले भनक होती, तो वे बिना पूरा भुगतान लिए मशीनें कभी नहीं भेजते। आरोपियों ने सोची-समझी साजिश के तहत कंपनी को चूना लगाया है।

अब इस हाई-प्रोफाइल मामले में डेहलों पुलिस ने पूरी तरह शिकंजा कस दिया है। हालांकि, शातिर आरोपी अब तक पुलिस जांच से कतरा रहे हैं। पुलिस ने उन्हें कई बार बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया, लेकिन कोई भी सामने नहीं आया। डेहलों थाना की एसएचओ सब-इंस्पेक्टर अवनीत कौर ने कड़े तेवर दिखाते हुए साफ कर दिया है कि आरोपियों को अब कानूनी समन जारी किए जा रहे हैं और मामले की गहराई से जांच जारी है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News