ट्रैफिक नियमों की अनदेखी जालंधरवासियों पर पड़ रही भारी, साढ़े 5 माह में भरे 2.38 करोड़

punjabkesari.in Tuesday, Jun 23, 2026 - 10:47 AM (IST)

जालंधर (स.ह.): ट्रैफिक नियमों की अनदेखी जालंधरवासियों पर भारी पड़ रही है। जनवरी 2026 से जून के मध्य तक शहर के लोगों को ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के चलते 2 करोड़ 38 लाख 28 हजार 500 रुपए का जुर्माना भरना पड़ा है। ट्रैफिक पुलिस इस अवधि में ऑनलाइन और ई-चालान समेत कुल 43,082 चालान कर चुकी है। आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक 13,439 चालान जैब्रा क्रॉसिंग और नो पार्किंग नियमों के उल्लंघन के लिए किए गए हैं। इसके अलावा बिना हैलमेट वाहन चलाने पर 10,861, रैड लाइट जंप करने पर 4,892 और हाईवे पर ओवरस्पीड वाहनों के 4,425 चालान काटे गए हैं।

शहर में ट्रिपल राइडिंग के 3,822, हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट न होने पर 3,033 तथा ड्रंक एंड ड्राइव के 1,146 चालान दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने पर 387, बुलेट मोटरसाइकिल के मॉडिफाइड साइलैंसर पर 745, लाल-हरी बत्ती लगाने पर 204, वी.आई.पी. हूटर के 46 और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के 82 चालान किए गए हैं। ट्रैफिक अधिकारियों का मानना है कि शहर में सी.सी.टी.वी. कैमरों का नैटवर्क बढ़ने के बाद ई-चालानों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। रैड लाइट जम्प, जैब्रा क्रॉसिंग पार करना, ट्रिपल राइडिंग, मोबाइल फोन का इस्तेमाल और बिना हैलमेट वाहन चलाना सबसे अधिक रिकॉर्ड होने वाले उल्लंघन हैं।

PunjabKesari

ट्रैफिक नियमों का पालन करें : गुरबाज सिंह 

ए.डी.सी.पी. ट्रैफिक गुरबाज सिंह ने लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कई मामलों में नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए दिए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है, लेकिन यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो अभिभावकों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ड्राइविंग लाइसैंस मिलने के बाद ही बच्चों को वाहन चलाने दें और उन्हें सुरक्षित एवं जिम्मेदार ड्राइविंग के लिए प्रेरित करें।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News