ट्रैफिक कर्मचारियों को कथित तौर पर ब्लैकमेल करने वाला गिरोह Active, पड़ोसी राज्य की महिला शामिल
punjabkesari.in Monday, Nov 09, 2026 - 07:30 PM (IST)
लुधियाना (सुरिंद्र सन्नी): शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू ढंग से चलाने के लिए विभिन्न सड़कों और चौकों में तैनात ट्रैफिक कर्मचारियों को कथित तौर पर ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठने वाला एक गिरोह सरगरम हो चुका है। इस गिरोह की अगुवाई एक महिला कर रही है जो पंजाब के पड़ोसी राज्य की बताई जा रही है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त महिला अपने गिरोह की मार्फत ऐसे कई ट्रैफिक कर्मचारियों को ब्लैकमेलिंग शिकार बना चुकी है। हालांकि इस संबंध में पुलिस विभाग के अधिकारी कुछ भी खुलकर बोलने को तैयार नहीं, लेकिन दबी जुबान में इसे स्वीकार जरूर कर रहे है। उक्त महिला द्वारा संचालित गिरोह द्वारा ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारियों को ब्लैकमेल करने का एक अनोखा ढंग तैयार किया गया है। महिला और उसके साथी जिनके पास पंजाब के पड़ोसी राज्य से रजिस्टर्ड गाड़ी है, पहले जानबूझकर कोई वायलेशन करते हैं ताकि ट्रैफिक कर्मचारी उन्हें सड़क पर रोक कर चालान करें। लेकिन इसी बीच महिला गाड़ी से बाहर आकर उनसे चालान न करने का निवेदन करने के साथ-साथ सौदेबाजी करने लगती है। सौदेबाजी में अगर किसी ट्रैफिक कर्मचारी का ईमान डोल गया और उसने गिरोह के सदस्यों से 100- 200 रुपए चालान ना करने की एवज में ले लिए तो उक्त गिरोह द्वारा ट्रैफिक कर्मचारी की मोबाइल फोन के द्वारा वीडियो बना ली जाती है।
इसके बाद शुरू होता है ट्रैफिक कर्मचारी को ब्लैकमेल करने का खेल। कर्मचारियों को गिरोह के गुर्गों द्वारा संदेश पहुंचाया जाता है कि महिला द्वारा आपकी शिकायत उच्च अधिकारियों के पास की जाएगी अन्यथा उनसे समझौता कर लिया जाए। डर के मारे बेचारे ट्रैफिक कर्मचारी उक्त महिला गिरोह के साथ समझौता करने को मजबूर हो जाते है। कुछ सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कई कर्मचारियों ने तो उक्त महिला गिरोह से समझौता करने के बदले मोटी राशि का भुगतान भी किया है। लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। यह सारा मामला सामने आने के बाद ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारी भी ऐसी गाड़ियों को रोकने से गुरेज करने लगे हैं जिनमें महिला सवारी साथ बैठी हो। हालांकि विभाग के उच्च अधिकारी उक्त महिला के खिलाफ केस रजिस्टर्ड करवाने का भी फैसला कर चुके थे लेकिन मौके पर ब्लैकमेलिंग का शिकार हुए ट्रैफिक कर्मचारी पीछे हट गए, जिसके कारण महिला गिरोह के हौंसले और भी बुलंद हो चुके है। वहीं इस संबंध में जब ट्रैफिक विभाग के कुछ अधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने इस मामले को दबी जुबान में स्वीकार किया, लेकिन खुलकर बोलने को तैयार नहीं हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

