दर्दनाक हादसा: दीवार के नीचे दबकर 7 वर्षीय बच्चे की मौत, दूसरे की तलाश जारी
punjabkesari.in Thursday, May 07, 2026 - 11:54 PM (IST)
गोनियाना मंडी (विजय वर्मा) : जिला बठिंडा के गांव गंगा, थाना नेहियांवाला में बुधवार शाम उस समय चीख-पुकार और दहशत का माहौल बन गया, जब गांव में चल रहे पाइपलाइन बिछाने के काम दौरान एक लंबी दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के नीचे पास में खेल रहे मासूम बच्चे दब गए। इस दर्दनाक हादसे में करीब 7-8 वर्षीय वतनदीप सिंह पुत्र बिशन सिंह निवासी गांव गंगा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्चे की तलाश देर रात तक जारी रही।
जानकारी के अनुसार गांव गंगा में पानी की पाइपलाइन डालने का काम चल रहा था। जैसे ही खुदाई का कार्य जग्गा सिंह पुत्र जरनैल सिंह की करीब 30 से 35 फुट लंबी दीवार के पास पहुंचा, अचानक दीवार हिलने लगी और कुछ ही सेकेंड में तेज गड़गड़ाहट के साथ ढह गई। दीवार गिरते ही इलाके में धूल का गुबार छा गया और अफरा-तफरी मच गई। पास में खेल रहे बच्चे मलबे के नीचे दब गए, जिसके बाद मौके पर चीख-पुकार शुरू हो गई।
गांव के लोग अपनी जान की परवाह किए बिना बच्चों को बचाने के लिए मलबा हटाने में जुट गए। लोगों ने हाथों से ईंटें और मिट्टी हटाकर बच्चों को बाहर निकालने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद एक बच्चे को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। बाद में उसकी पहचान वतनदीप सिंह के रूप में हुई। मासूम को तुरंत सीएचसी गोनियाना मंडी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, जबकि महिलाओं की चीखों ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। दूसरी ओर, एक अन्य बच्चे के मलबे में दबे होने की आशंका के चलते राहत और बचाव कार्य लगातार जारी रहा।
थाना नेहियांवाला पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर यह सवाल उठ रहे हैं कि पाइपलाइन की खुदाई के दौरान सुरक्षा नियमों की अनदेखी की गई थी या दीवार पहले से ही कमजोर हालत में थी। ग्रामीणों ने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि खुदाई के दौरान सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए जाते और आसपास के क्षेत्र को खाली करवाया जाता, तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था। गांव गंगा की इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। लोग प्रशासन और ठेकेदारों की लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं और मासूम वतनदीप को इंसाफ दिलाने की मांग कर रहे हैं।

