पंजाब के नेशनल हाईवे पर ट्रक को लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी
punjabkesari.in Friday, Mar 06, 2026 - 01:23 PM (IST)
गोराया: जालंधर-लुधियाना नेशनल हाईवे पर स्थित चचराड़ी ओवरब्रिज के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते ट्रक और पास खड़ी मोटर ग्रेडर मशीन लपटों में घिर गए। स्थिति पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों को मौके पर बुलाना पड़ा और करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी।

जानकारी देते हुए मोटर ग्रेडर मशीन चालक सौवर सिंह ने बताया कि वह पटियाला से मशीन लेकर अमृतसर की ओर जा रहा था। गोराया के चचराड़ी ओवरब्रिज के पास अचानक मशीन खराब हो गई, जिस कारण उसे सड़क किनारे खड़ा कर जांच करने लगा। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक ने मशीन को टक्कर मार दी। उसके मुताबिक टक्कर के बाद ट्रक में आग लग गई और चालक मौके से फरार हो गया।

सड़क सुरक्षा फोर्स के इंचार्ज सरबजीत सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही उनकी टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहां पहुंचने पर देखा गया कि ट्रक और मोटर ग्रेडर मशीन दोनों आग की चपेट में थे। ट्रक में प्लास्टिक का दाना भरा हुआ था, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई और हालात गंभीर हो गए।
घटना के बाद एहतियात के तौर पर हाईवे के उस हिस्से को बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया गया और ट्रैफिक को सर्विस लेन की ओर मोड़ दिया गया ताकि किसी और दुर्घटना से बचा जा सके। बाद में फिल्लौर और फगवाड़ा से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलाई गईं, जिन्होंने काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

