Heroin सहित 2 तस्कर गिरफ्तार, उर्दू लिखावट में थैली पर लिखे ‘999’ कोड ने बढ़ाई चिंता

punjabkesari.in Tuesday, Jun 09, 2026 - 08:00 PM (IST)

बठिंडा (विजय वर्मा):  बठिंडा पुलिस को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। CIA स्टाफ ने थाना नेहियांवाला क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 2 कथित तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 250 ग्राम से अधिक हेरोइन बरामद की है। प्रारंभिक जांच में बरामद नशे के तार पाकिस्तान से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गगनदीप सिंह निवासी गांव गंगा अबलू तथा जगवीर सिंह निवासी जैतो जिला फरीदकोट के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना नेहियांवाला में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

सूत्रों के अनुसार CIA की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि गोनियाना मंडी क्षेत्र के एक घर में नशे की खेप छिपाकर रखी गई है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मंगलवार को छापेमारी की। तलाशी के दौरान एक कपड़े की थैली से 250 ग्राम से अधिक हेरोइन बरामद हुई, जिसके बाद दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पाकिस्तान कनेक्शन ने बढ़ाई चिंता

मामले का सबसे अहम पहलू वह कपड़े की थैली है, जिसमें हेरोइन बरामद हुई। सूत्रों का दावा है कि थैली पर नीली स्याही से उर्दू जैसी लिखावट और “999” अंकित मिला है। जांच एजेंसियां इसे किसी कोड या पहचान चिन्ह के रूप में देख रही हैं। प्रारंभिक पड़ताल में यह भी सामने आया है कि थैली पाकिस्तान निर्मित प्रतीत होती है। सूत्रों के मुताबिक आरोपियों ने पूछताछ में बताया है कि उन्होंने यह खेप फिरोजपुर क्षेत्र से प्राप्त की थी। इसके बाद जांच का फोकस फिरोजपुर के उन संदिग्ध तस्करी नेटवर्कों पर भी केंद्रित हो गया है, जो सीमा पार से आने वाले नशे की सप्लाई चेन का हिस्सा हो सकते हैं।

सीमा पार नेटवर्क की जांच शुरू

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हेरोइन सीधे सीमा पार से आई थी या फिर विभिन्न तस्करी चैनलों के माध्यम से आरोपियों तक पहुंची। बरामद थैली और उस पर लिखे निशानों की भी तकनीकी जांच करवाई जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि जांच में कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।

पुलिस की नजर बड़े नेटवर्क पर

सूत्रों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस जल्द ही अन्य संदिग्ध तस्करों पर भी कार्रवाई कर सकती है। यदि पाकिस्तान कनेक्शन की पुष्टि होती है तो मामला केवल नशा तस्करी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सीमा पार संचालित नेटवर्क की जांच का भी विषय बन सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों से लगातार पूछताछ जारी है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News