किसानों के समर्थन में उतरी यूनियन ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा

punjabkesari.in Wednesday, Jan 04, 2023 - 10:41 AM (IST)

जालंधर: पनबस-पी.आर.टी.सी. ठेका कर्मचारी यूनियन ने सरकार की नीतियों के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए किसानों का समर्थन देने की घोषणा की है। पत्रकार वार्ता के दौरान यूनियन के सरप्रस्त कमल कुमार, प्रदेश प्रधान रेशम सिंह, महासचिव शमशेर सिंह ने कहा कि 10 महीने के शासनकाल में सरकार ने अपने वायदे पूरे करने के प्रति कोई कार्रवाई शुरू नहीं की जिससे कच्चे कर्मचारियों में रोष बढ़ता जा रहा है। यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि दिन-रात एक करके आनाज पैदा करने वाले किसानों के साथ धक्का किया जा रहा है। किसान हमारे देश की रीढ़ की हड्डी है, जिसके चलते सरकारों को इनकी सुविधा को पहल के आधार पर रखना चाहिए।

महासचिव शमशेर सिंह ने कहा कि गलत नीतियों के चलते किसान-मजदूर संघर्ष कमेटी द्वारा पंजाब में विभिन्न स्थानों पर धरने प्रदर्शन किए जा रहे हैं। ठेका कर्मचारी यूनियन इन धरनों को पूरा समर्थन करते हुए इसमें शामिल होगी। उन्होंने कहा कि किसानों द्वारा कई स्थानों पर टोल प्लाजों पर पक्का धरना दिया जा रहा है जोकि 15 जनवरी तक जारी रहेगा, इसी क्रम में यूनियन की डिपो इकाईयों द्वारा क्रमवार धरनों में हिस्सा लिया जाएगा। इस क्रम में जालंधर सहित विभिन्न डिपुओं के पदाधिकारियों क्रमवार अपने साथियों के साथ 48-48 घंटे के लिए धरनों में शामिल होंगे।

पदाधिकारियों ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने चुनावों के दौरान ठेका कर्मचारियों को पक्का करने का आश्वासन दिया था, जिसके चलते यूनियन द्वारा पार्टी की पूरी हिमायत की गई। अब सरकार बने 10 माह से अधिक का समय बीत जाने के बावजूद उन्हें पक्का करने की फाइल को आगे नहीं बढ़ाया जा रहा।

शमशेर ने कहा कि मांगों को लेकर यूनियन द्वारा हड़ताल की गई थी जिसके चलते मुख्य सचिव ने मीटिंग करके उनके मसलों को हल करने का वायदा किया था। उन्होंने कहा कि तय समय बीतता जा रहा है लेकिन अधिकारियों द्वारा किए गए वायदे पूरे होते नजर नहीं आ रहे। आज की मीटिंग में चक्का जाम करने की योजना तैयार की गई है। इसमें फैसला लिया गया है कि बिना पूर्व सूचना के बसों का चक्का जाम किया जाएगा ताकि अधिकारी उन्हें बातों में न ले सकें। वक्ताओं ने कहा कि सरकार कर्मचारियों से किए गए वायदों को पूरा करने में देरी करती है तो यूनियन जोर-शोर से चक्का जाम करेगी।

जबरन वसूला जा रहा रोड टैक्स जनता के साथ धोखा

वक्ताओं ने कहा कि गाड़ी लेते समय लाखों रुपए टैक्स के रूप में लिए जाते है, लेकिन इसके बाद भी सरकार का पेट नहीं भरता। विभिन्न स्थानों पर टोल प्लाजे बनाकर जनता से रोड टैक्स के नाम पर जबरन वसूली की जा रही है। इसके खिलाफ अभी किसानों ने आवाज उठाई है लेकिन आने वाले समय में सरकारों को आम जनता का विरोध झेलना पड़ेगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News