डिलीवरी ब्वॉय ने साथियों संग फैक्ट्री में घुस किया हमला, लूटे लाखों, पढ़ें पूरा मामला

punjabkesari.in Friday, Aug 21, 2026 - 10:44 AM (IST)

लुधियाना (राज): जनता नगर स्थित भगवान चौक इलाके में ऑनलाइन फूड डिलीवरी लेट होने पर शुरू हुआ मामूली विवाद जानलेवा हमले और डकैती में तब्दील हो गया। स्विगी डिलीवरी ब्वॉय ने देरी का कारण पूछने पर पहले लेबर से बहस की और फिर अपने अन्य साथियों को बुलाकर फैक्ट्री का दरवाजा तोड़ डाला। हथियारों से लैस हमलावरों ने फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूरों की बेरहमी से पिटाई की और दफ्तर के मेज में रखे करीब ₹4.65 लाख नकद लूटकर फरार हो गए। फैक्ट्री मालिक कुलभूषण यादव की शिकायत पर पुलिस ने हर्ष कुमार और उसके 6 अज्ञात साथियों पर केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस को दिए बयानों में शिकायतकर्ता ने बताया कि उनकी 'गंगा प्रोडक्ट्स' नाम से फैक्ट्री है। 19 अगस्त की रात करीब 9:00 बजे उनका भतीजा दिव्यांशु जैन फैक्ट्री में मौजूद था। उसने फैक्ट्री की लेबर के खाने के लिए स्विगी ऐप के जरिए फूड ऑर्डर किया था। शिकायत के अनुसार, डिलीवरी ब्वॉय हर्ष अपने एक अन्य साथी के साथ काफी देर से खाना लेकर फैक्ट्री पहुंचा। जब दिव्यांशु और मजदूरों ने ऑर्डर में हुई देरी का कारण पूछा, तो डिलीवरी कर्मी तैश में आ गए और लेबर के साथ गाली-गलौज व तीखी बहसबाजी करने लगे। उस समय मामला शांत होता दिखा, लेकिन आरोपी बदला लेने की नीयत से बाहर निकल गए। 

कुछ ही देर बाद आरोपी हर्ष अपने कई अन्य हथियारबंद साथियों को साथ लेकर फैक्ट्री के बाहर आ धमका। हमलावरों ने ईंटें व पत्थर बरसाकर फैक्ट्री का मुख्य दरवाजा तोड़ दिया और जबरन अंदर दाखिल हो गए। अंदर घुसते ही आरोपियों ने अपने पास मौजूद घातक और तेजधार हथियारों से लेबर पर जानलेवा हमला कर दिया और उन्हें बुरी तरह पीटकर लहूलुहान कर दिया। मजदूरों को पीटने के बाद हमलावरों ने फैक्ट्री के मुख्य कार्यालय में जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान आरोपियों ने दफ्तर की टेबल की दराजों को तोड़कर उसमें रखे करीब ₹4,65,000 की नकदी लूट ली और जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद घायल मजदूरों को उपचार के लिए भेजा गया और मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायतकर्ता के बयानों और स्विगी डिलीवरी आईडी के आधार पर आरोपी हर्ष व उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ जानलेवा हमला करने, दंगा भड़काने, तोड़फोड़ और लूटपाट की संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें डिलीवरी एजेंट के पते और इलाके के सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News