वरिंदर सिंह घुम्मन की मौ'त से पहले का आखिरी वीडियो आया सामने
punjabkesari.in Friday, Oct 10, 2025 - 12:19 PM (IST)

पंजाब डेस्क : बॉडीबिल्डर और अभिनेता वरिंदर सिंह घुम्मन का निधन से पहले का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे एमआरआई करवाते नजर आ रहे हैं। घुम्मन कह रहे हैं कि कुछ लोग कहते हैं कि जो चोट या दर्द आपको मिलता है, वह आपके कर्मों की सजा है। लेकिन एक खिलाड़ी होने के नाते, यह आपके लिए सजा नहीं, बल्कि मजा है, क्योंकि मेहनत करने वालों को भी चोटें लगती हैं। यह दर्द इंसान को जीवन में गर्व का एहसास कराता है। देश का प्रतिनिधित्व करना, बड़ी उपलब्धियां हासिल करना, अगर आपको उस गर्व को महसूस करना है, तो आपको इन दर्दों से गुजरना होगा। अब देखते हैं कि मैं इस मशीन में फिट बैठता हूं या नहीं।
बता दें कि जालंधर के बस्ती शेख के घई नगर निवासी घुम्मन का अमृतसर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। मृतक के समर्थकों ने डॉक्टरों पर गलत ऑपरेशन करने का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा किया। दरअसल, वरिंदर को उनके बाइसेप्स की एक छोटी सी सर्जरी के लिए अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया जा रहा है कि सर्जरी के दौरान उन्हें दो बार दिल का दौरा पड़ा और लगभग 53 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया।
गौरतलब है कि वरिंद सिंह घुम्मन बॉलीवुड और पंजाबी सिनेमा के जाने-माने अभिनेता थे। उन्हें अभिनेता सलमान खान के साथ टाइगर-3 जैसी कई फिल्मों में अहम भूमिकाओं के लिए जाना जाता था। उनके निधन के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन शुरुआती रिपोर्टों से पता चलता है कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। वरिंदर ने 2009 में मिस्टर इंडिया का खिताब जीता था और मिस्टर एशिया में दूसरे स्थान पर रहे थे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here