लुधियाना में वोटर लिस्ट SIR का 97.97% काम पूरा, 6 हलकों में संशोधन प्रक्रिया संपन्न
punjabkesari.in Friday, Oct 02, 2026 - 05:26 PM (IST)
लुधियाना (राज): जिले भर में चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत चलाई जा रही वोटर सूचियों के विशेष गहन संशोधन (SIR) 2026 की प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। जिले में अब तक कुल 97.97 प्रतिशत कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इस संबंध में आधिकारिक जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर-सह-जिला निर्वाचन अधिकारी हिमांशु जैन ने बताया कि जिले के 6 विधानसभा हलकों में यह प्रक्रिया शत-प्रतिशत मुकम्मल कर ली गई है, जबकि बाकी हलकों में शेष कार्य युद्ध स्तर पर निपटाया जा रहा है।
इन 6 विधानसभा हलकों में मुकम्मल हुआ काम
जिला निर्वाचन अधिकारी हिमांशु जैन के अनुसार, जिले के निम्नलिखित 6 प्रमुख विधानसभा क्षेत्रों में विशेष पुनरीक्षण का काम पूरी तरह से समाप्त हो चुका है:
- 57-खन्ना
- 58-समराला
- 59-साहनेवाल
- 67-पायल
- 68-दाखा
- 69-रायकोट
उन्होंने बताया कि बाकी बचे विधानसभा क्षेत्रों में भी तेजी से काम निपटाया जा रहा है और जल्द ही जिला 100 फीसदी का लक्ष्य हासिल कर लेगा।
दफ्तर जाने की जरूरत नहीं, घर आकर दस्तावेज लेंगे BLO
प्रशासन ने आम जनता और वोटरों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक बड़ा जनहितैषी फैसला लिया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं को नोटिस जारी हुए हैं या जिनकी सुनवाई और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया अभी लंबित है, उन्हें अब चुनाव पंजीकरण अधिकारी (ERO) के दफ्तरों के चक्कर काटने की बिल्कुल जरूरत नहीं पड़ेगी।संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) खुद ऐसे मतदाताओं के घर-घर जाकर उनसे सीधा संपर्क साधेंगे और मौके पर ही आवश्यक दस्तावेज व औपचारिकताएं पूरी करेंगे। इससे लोगों के समय और धन की बचत होगी।
वीकेंड पर लगेंगे विशेष कैंप, दफ्तरों में बने हेल्प डेस्क
जिन विधानसभा हलकों में अभी कुछ प्रतिशत काम बाकी है, वहां वोटरों की सहूलियत के लिए आगामी सप्ताहांत (वीकेंड) पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, मतदाताओं की शंकाओं, आपत्तियों और सवालों के त्वरित निपटारे के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय और सभी सहायक चुनाव पंजीकरण अधिकारियों के दफ्तरों में विशेष 'हेल्प डेस्क' स्थापित किए गए हैं, जहां कोई भी नागरिक जाकर अपनी समस्या का समाधान पा सकता है।
पारदर्शी प्रक्रिया में सहयोग की अपील: हिमांशु जैन
डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य समूची चुनावी मशीनरी के साथ बेहतर समन्वय बनाकर एक सटीक, पारदर्शी, त्रुटिहीन और समावेशी वोटर सूची तैयार करना है। उन्होंने जिले के सभी जागरूक नागरिकों और मतदाताओं से अपील की कि वे अपने इलाके के बीएलओ और चुनाव अधिकारियों को पूरा सहयोग दें तथा मांगे जाने पर जरूरी दस्तावेज व सही जानकारी समय पर उपलब्ध करवाएं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक वोट के अधिकार से वंचित न रहे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

