जिस बेटी को बड़े चाव से किया था विदा, नहीं पता था ऐसा होगा हाल.. पिता ने सुनाई दर्दभरी दास्तां
punjabkesari.in Thursday, Jul 13, 2023 - 03:19 PM (IST)

मुल्लांपुर दाखा: हर लड़की का सपना होता है कि शादी के बाद उसका जीवन साथी उसे हर खुशी दे, लेकिन पंजाब के मुल्लांपुर दाखा की लड़की के सपने उस समय टूट गए जब उसके पति ने दहेज की खातिर उसे प्रताड़ित किया।
जानकारी के अनुसार गांव सुधार में 28 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पिता गुरदीप सिंह के बयानों पर पति मनिंदर सिंह के खिलाफ दहेज के लिए हत्या का मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना सुधार के प्रमुख शरणजीत सिंह के मुताबिक मृतक लड़की के पिता गुरदीप सिंह ने अपने बयान में बताया कि मनिंदर सिंह बेकार और नशा भी करता था।
उस पर नशीले पदार्थों के मामले भी दर्ज है और उसे जेल भी जाना पड़ा। उन्होंने यह भी आरोप लगाए कि शादी के 2 साल के भीतर ही मेरी बेटी को पीटा गया और मायके से पैसे लाने के लिए मजबूर किया गया। बेटी को ससुरालवालों ने मार डाला है। फिलहाल पुलिस ने मृतका के पिता के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।