पंजाबियों जरा बचकर... एक और शख्स के चेहरे पर लगे 50 टांके, दहशत में लोग
punjabkesari.in Monday, Feb 03, 2025 - 02:05 PM (IST)
पंजाब डेस्क: प्रशासन की सख्ती के बावजूद बसंत पंचमी पर प्रतिबंधित चाइना डोर से पतंगबाजी की गई। इसके चलते खन्ना के समराला में चाइना डोर का कहर देखने को मिला। इस खूनी डोर की चपेट में आने से एक बाइक सवार का मुंह कट गया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लहूलुहान हालत में युवक को समराला के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसके मुंह पर 50 टांके लगे हैं। घायल की पहचान मोरिंडा के गांव ढोलनमाजरा निवासी गुरप्रीत सिंह के तौर पर हुई।
इसी तरह दोराहा बाजार में पेंटर का काम करने वाला 30 वर्षीय युवक चाइना डोर में उलझ गया और डोर गर्दन पर फंसने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने उसे दोराहा के भंगू अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी गर्दन पर 10 टांके लगे हैं। डा. मनदीप सिंह के मुताबिक अगर डोर से घाव और गहरा हो जाता तो युवक की जान जा सकती थी। सब-इंस्पैक्टर राव वरिंदर सिंह ने कहा कि 'चाइना डोर' से पतंग उड़ाने वालों की पहचान की जा रही है। वहीं दूसरी तरफ रूपनगर शहर में पतंगबाजी के दौरान चाइना डोर से 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सिविल अस्पताल रूपनगर में अनूप कुमार निवासी नूहों कालोनी की गर्दन पर चाइनीज डोर से कट लग गया, जोकि श्वास नली के पास था। इसी तरह आदर्श नगर निवासी कमलदीप सिंह की 10 वर्षीय बेटी सीरतप्रीत चाइना डोर की चपेट में आकर घायल हो गई।
एक अन्य घायल व्यक्ति की पहचान मोहल्ला फूल चक्र निवासी विनय कुमार के रूप में हुई है। वह पुराने बस स्टैंड के पास पैट्रोल भराने जाते समय चाइना डोर की चपेट में आकर घायल हो गया। जुझार सिंह नगर निवासी सुनील सैनी ने बताया कि वह स्कूटर पर बाजार जा रहा था कि बेला चौक के पास चाइना डोर की चपेट में आ गया, जिससे उसके मुंह व दांत पर कट लग गए। इसी तरह फूलपुर निवासी बलविंदर सिंह पुत्र अजीत सिंह ने बताया कि चाइना डोर की चपेट में आने से उसकी गर्दन कट गई। रामपुर माजरी निवासी शेर सिंह के पैर में चाइना डोर फंसने से वह घायल हो गया।