कनाडा में जालंधर के युवक की मौत, सदमे में परिवार, स्टूडेंट वीजा पर गया था विदेश
punjabkesari.in Wednesday, Apr 15, 2026 - 07:29 PM (IST)
जालंधर : जालंधर के एक युवक की कनाडा में हार्ट अटैक से मौत होने की दुखद खबर सामने आई है। मृतक की पहचान आकाशदीप सिंह के रूप में हुई है, जो बेहतर भविष्य के सपनों के साथ वर्ष 2023 में स्टूडेंट वीजा पर कनाडा गया था। बताया जा रहा है कि आकाशदीप कनाडा के मॉन्ट्रियल शहर में रहकर पढ़ाई कर रहा था। रोज की तरह वह कॉलेज गया था और लौटने के बाद अपने कमरे में आराम कर रहा था। इसी दौरान उसे अचानक हार्ट अटैक आया। हालत बिगड़ने पर उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। कनाडा में रह रही उसकी बहन नवजोत कौर और जीजा ने बताया कि आकाशदीप का सपना विदेश में पढ़ाई कर अपने परिवार का भविष्य संवारना था, लेकिन अचानक हुई इस घटना ने सब कुछ छीन लिया। उसके परिवार के सदस्य मुकेश कुमार का कहना है कि उक्त युवक का कनाडा में ही संस्कार कर दिया गया है।

