अंतर्राष्ट्रीय सीमा से पंजाब की तरफ आने वाले सभी रास्तों पर CCTV कैमरे लगाए जाएंगे: रोहित चौधरी

punjabkesari.in Saturday, Jun 24, 2017 - 12:27 AM (IST)

गुरदासपुर(विनोद): पंजाब में कानून-व्यवस्था की दृष्टि से अब जरूरी हो गया है कि भारत-पाकिस्तान सीमा से पंजाब की तरफ आने वाले सभी रास्तों पर सख्त नाकाबंदी की जाए। यह उल्लेख पंजाब पुलिस के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (लॉ एंड ऑर्डर) रोहित चौधरी ने जिला गुरदासपुर व जिला पठानकोट के सीमावर्ती इलाकों का दौरा करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए किया। सीमावर्ती इलाकों का दौरा करते समय जिला पुलिस अधीक्षक भुपिन्द्र जीत सिंह विर्क भी उनके साथ थे। 

रोहित चौधरी ने कहा कि उन्होंने 2 दिन में जिलो के मकौड़ा पत्तन, बाहमणी, मराड़ा तथा पठानकोट के बमियाल आदि सीमावर्ती इलाकों का दौरा किया है। इन सभी नाकों पर पुलिस को हर समय सतर्क रहने का आदेश दिया गया है तथा यह भी स्पष्ट किया गया है कि चैकिंग दौरान आम जनता को परेशान न किया जाए तथा प्यार से बात की जाए। उन्होंने कहा कि सीमापार से घुसपैठ की आशंका बनी रहती है। 

जम्मू-कश्मीर में एल.ओ.सी. पर हो रही लगातार फायरिंग के चलते इस समय आतंकवादियों तथा तस्करों द्वारा पंजाब की सीमा का प्रयोग किए जाने की सम्भावना को देखते हुए जल्दी ही अंतर्राष्ट्रीय सीमा से पंजाब की तरफ आने वाले सभी रास्तों पर सी.सी.टी.वी. कैमरे लगाए जाएंगे। इस संबंधी पंजाब सरकार से बजट की मांग की गई है। बमियाल क्षेत्र के पास सख्त नाकाबंदी के आदेश दिए गए हैं। सीमा सुरक्षा बल के जवान बहुत ही मुस्तैदी से सीमा पर काम कर रहे हैं।      


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News