Pics: सुक्खा काहलवां के कातिल विक्की गौंडर को मारने का बना रहे थे बड़ा प्लान पर...
punjabkesari.in Wednesday, Apr 27, 2016 - 11:37 AM (IST)

जालंधर(प्रीत): राज्य में गैंगवार से जुड़ी एक और बड़ी वारदात टल गई। कमिश्नरेट जालंधर के सी.आई.ए. स्टाफ-2 की पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर सुक्खा काहलवां के करीबी 3 साथियों को गिरफ्तार किया है। उक्त गैंगस्टर्स ने सुक्खा काहलवां की नाभा जेल से भागने में मदद की थी और अब सुक्खा के कातिल विक्की गौंडर व उसके साथियों से सुक्खा की मौत का बदला लेने की योजना पर काम कर रहे थे। गिरफ्तार तीनों गैंगस्टर्स के पास से पुलिस ने 4 पिस्तौल व भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं।
कमिश्नरेट जालंधर के ए.डी.सी.पी. इनवैस्टीगेशन विवेकशील सोनी ने बताया कि सी.आई.ए. स्टाफ-2 के इंस्पैक्टर अंग्रेज सिंह को सूचना मिली थी कि आपराधिक गतिविधियों में लिप्त गैंगस्टर्स शहर में हैं। सूचना मिलने पर ए.सी.पी. इनवैस्टीगेशन हरजिन्द्र सिंह के नेतृत्व में इंस्पैक्टर अंग्रेज सिंह ने पठानकोट चौक के निकट नाकाबंदी के दौरान सिटी होंडा कार में सवार तीन गैंगस्टर्स को काबू किया। गिरफ्तार गैंगस्टर्स की पहचान अमरवीर सिंह उर्फ लाली, हरजोत सिंह हैरी दोनों पुत्र रूपिन्द्र सिंह वासी गांव बुस्सोवाल, सुल्तानपुर लोधी, कपूरथला तथा गुरइकबाल सिंह पुत्र निर्मल सिंह वासी गांव गुड्डाणा, ढिलवां कपूरथला के रूप में हुई। आरोपियों से मौके पर 315 बोर के 3 देसी पिस्तौल, 12 बोर का एक देसी पिस्तौल, 12 बोर की सिंगल बैरल, 20 कारतूस 315 बोर, 29 कारतूस 12 बोर बरामद किए।
ए.डी.सी.पी. विवेकशील सोनी ने बताया कि सगे भाई हैरी और लाली पेशेवर क्रिमिनल हैं। दोनों पिछले काफी समय से लूटपाट, स्नैङ्क्षचग की कई वारदातों में लिप्त हैं। दोनों कुख्यात गैंगस्टर्स सुक्खा काहलवां के काफी करीबी थे। करीब 3 साल पहले जब सुक्खा काहलवां को पुलिस ने गिरफ्तार किया तो हैरी व लाली ने अन्य साथियों के साथ मिलकर सुक्खा काहलवां को नाभा में पुलिस हिरासत से फरार करवाया था। पिछले साल सुक्खा काहलवां की हत्या के बाद यह लोग उसके कातिलों से बदला लेने की योजना पर भी काम कर रहे थे।