Jalandhar : 5 दिन से सड़कों पर बह रहा सीवरेज, लोगों में नगर निगम के खिलाफ रोष
punjabkesari.in Saturday, Mar 14, 2026 - 12:06 AM (IST)
जालंधर : जालंधर के न्यू हरदेव नगर इलाके में पिछले कई दिनों से सीवरेज जाम की समस्या से लोग परेशान हैं। मोहल्ले के निवासी सुखजीत सिंह डिंपी ने बताया कि उनकी गली में पिछले चार से पांच दिनों से सीवरेज का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे इलाके में रहने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि इस समस्या के बारे में नगर निगम जालंधर के मेयर वनीत धीर, इलाके के पार्षद जतिंदर जिंद, वार्ड इंचार्ज हरमिंदर कौर बेबी और आम आदमी पार्टी के ब्लॉक प्रधान सुच्चा सिंह को भी जानकारी दी गई, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
मोहल्ला निवासियों के अनुसार इलाके में करीब 15 साल पुराने सीवरेज पाइप लगे हुए हैं, जो अब जर्जर हो चुके हैं। इसके अलावा इलाके में करीब 40 के आसपास अवैध क्वार्टर बन जाने के कारण आबादी बढ़ गई है, जिससे सीवरेज सिस्टम पर दबाव बढ़ गया है और यह अक्सर जाम हो जाता है।
लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार नगर निगम अधिकारियों को इस समस्या के बारे में अवगत कराया है, लेकिन आज तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया। लगातार गंदा पानी सड़कों पर बहने के कारण मोहल्ले में बीमारी फैलने का भी खतरा बना हुआ है। जिसके बाद मोहल्ले के लोगों में नगर निगम प्रशासन और सरकार के खिलाफ भारी रोष देखा जा रहा है।


