विजीलैंस के इतिहास में पहली महिला पुलिस कर्मचारी रिश्वत लेती गिरफ्तार

punjabkesari.in Wednesday, Nov 27, 2019 - 09:31 AM (IST)

लुधियाना: विजीलैंस ब्यूरो ने खन्ना में तैनात एक लेडी इंस्पैक्टर प्रवीण शर्मा को मंगलवार को रिश्वतखोरी के आरोप में रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। उस पर आरोप है कि उसने मैट्रीमोनियल डिस्प्यूट के 15 हजार रुपए लड़की वालों को दिलवाने की एवज में रिश्वत के रूप में उनसे ऐंठे थे।

प्रवीण के खिलाफ करप्शन एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। वह सांझ केंद्र में तैनात है। विजीलैंस के इतिहास में यह ऐसा पहला मामला है, जिसमें एक पुलिस महिला कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया है।  सीनियर पुलिस कप्तान रूपिंदर सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई गांव करतापुर के बलविंद्र सिंह की शिकायत पर अमल में लाई गई है। बलविंदर की बहन हरविंदर कौर के पति का देहांत होने के बाद उसे उसके ससुराल वालों ने घर से निकाल दिया। इस पर उसने डी.एस.पी. हैडक्वार्टर खन्ना के समक्ष पेश होकर अपने ससुरालियों के खिलाफ शिकायत दी थी, जिसकी जांच का जिम्मा लेडी इंस्पैक्टर प्रवीण को सौंपा गया था। प्रवीण ने दोनों पक्षों की सहमति से 3 लाख रुपए में उनका समझौता करवा दिया।

एक लाख रुपए प्रवीण ने लड़की वालों को जून महीने में दिलवा दिए, जबकि 2 लाख रुपए बकाया थे जिन्हें दिलवाने की एवज में आरोपी महिला कर्मी ने 30,000 रुपए की डिमांड की, परंतु बाद में सौदा 15,000 रुपए में तय हो गया। इस पर पीड़ित ने विजीलैंस से संपर्क किया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद लेडी इंस्पैक्टर को रंगे हाथों काबू करने के लिए डी.एस.पी. जसविंदर सिंह की ड्यूटी लगाई गई। जिन्होंने बड़े ही सुनियोजित ढंग से जाल बिछा कर प्रवीण को पीड़ित से 15,000 रुपए की घूस लेते हुए धर लिया। उन्होंने बताया कि उसकी चल-अचल सम्पत्ति की जांच भी की जा रही है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vatika

Recommended News

Related News