पंजाब के 12 जिलों को मिली बड़ी सौगात, Railway और Highway Projects से मिलेगा लाभ

punjabkesari.in Monday, Jul 20, 2026 - 04:05 PM (IST)

चंडीगढ़: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि 17 जुलाई को जालंधर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दौरा पंजाब के बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि 5,470 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं के जरिए आधुनिक रेलवे स्टेशन, नई रेल सेवाएं, एक्सप्रेसवे और ग्रीनफील्ड हाईवे का लाभ राज्य के 12 जिलों को मिलेगा।

तीनों क्षेत्रों में संपर्क व्यवस्था होगी मजबूत 
ढिल्लों ने कहा कि प्रधानमंत्री के इस दौरे की खास बात केवल परियोजनाओं की लागत नहीं, बल्कि यह है कि विकास की यह धारा पंजाब के लगभग हर प्रमुख क्षेत्र तक पहुंची है। उन्होंने कहा कि दोआबा, माझा और मालवा—तीनों क्षेत्रों में संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी, यात्रा का समय कम होगा, व्यापार को गति मिलेगी और निवेश तथा रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जालंधर, एसएएस नगर (मोहाली), रूपनगर और श्री मुक्तसर साहिब के रेलवे स्टेशनों का आधुनिक सुविधाओं के साथ पुनर्विकास किया गया है। वहीं, होशियारपुर को 30 करोड़ रुपए की दौलतपुर चौक–करटोली रेल लाइन का लाभ मिला है। 

यात्रा का समय और लॉजिस्टिक्स लागत होगी कम 
इसके अलावा अमृतसर को नई अमृतसर (छेहरटा)–वाराणसी संत रविदास एक्सप्रेस की सौगात मिली है, जिससे धार्मिक और सांस्कृतिक संपर्क मजबूत होगा। वहीं, नई करटोली–अंबाला रेल सेवा से पूरे पंजाब की रेल कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी। ढिल्लों ने कहा कि दिल्ली–अमृतसर–कटरा एक्सप्रेसवे से जालंधर, कपूरथला, तरनतारन, अमृतसर, गुरदासपुर और पठानकोट की संपर्क व्यवस्था में क्रांतिकारी सुधार होगा। इससे यात्रा का समय और लॉजिस्टिक्स लागत कम होगी, माल ढुलाई तेज होगी और क्षेत्रीय व्यापार को नई गति मिलेगी।

प्रमुख आर्थिक केंद्रों के बीच बेहतर संपर्क 
उन्होंने बताया कि एसएएस नगर (मोहाली) और रूपनगर को 1,570 करोड़ रुपये की आईटी सिटी–कुराली ग्रीनफील्ड हाईवे तथा अंबाला–चंडीगढ़ ग्रीनफील्ड हाईवे की पीआर-7 स्पर परियोजना का लाभ मिलेगा। इससे यह क्षेत्र उद्योग, सूचना प्रौद्योगिकी और शहरी विकास के प्रमुख केंद्र के रूप में और मजबूत होगा। इसके अलावा दक्षिणी लुधियाना बाईपास का शिलान्यास होने से शहर में ट्रैफिक का दबाव कम होगा, माल ढुलाई सुगम होगी और लुधियाना, बठिंडा सहित अन्य प्रमुख आर्थिक केंद्रों के बीच संपर्क बेहतर होगा।

हर क्षेत्र तक पहुंच रहा मोदी सरकार का विकास एजेंडा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान घोषित परियोजनाओं से जालंधर, मोहाली, रूपनगर, श्री मुक्तसर साहिब, होशियारपुर, अमृतसर, लुधियाना, कपूरथला, तरनतारन, गुरदासपुर, पठानकोट और आसपास के क्षेत्रों को सामूहिक रूप से लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह इस बात का प्रमाण है कि मोदी सरकार का विकास एजेंडा पंजाब के हर क्षेत्र तक पहुंच रहा है। ढिल्लों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यों से साबित किया है कि पंजाब का विकास राष्ट्रीय प्राथमिकता है। इन परियोजनाओं से राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, संपर्क व्यवस्था बेहतर होगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए विकास तथा समृद्धि के स्थायी अवसर पैदा होंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News