महानगर में नामी बुक्की की बर्थडे पार्टी की आड़ में जुए का बड़ा खेल! छलके विदेशी जाम
punjabkesari.in Friday, Sep 18, 2026 - 01:46 PM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर में सट्टे और जुए के अवैध सिंडिकेट के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब खाकी का खौफ पूरी तरह बेअसर साबित हो रहा है। कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाने वाला एक बेहद चौकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस कमिश्नर (सीपी) कार्यालय के बिल्कुल नजदीक स्थित एक नामी होटल में सट्टेबाजी, जुआ, देह व्यापार और अय्याशी की महफिल सजी। एक नामी बुक्की के जन्मदिन के बहाने आयोजित इस पार्टी में करोड़ों रुपये के जुए के दांव खुलेआम खेले गए। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस इलाके में पुलिस कमिश्नरेट का मुख्य प्रशासनिक केंद्र है, वहां रातभर चले इस गैरकानूनी खेल की भनक तक पुलिस को नहीं लगी या फिर सब कुछ जानते हुए भी आंखें मूंद ली गईं।
टॉप फ्लोर पर सजी महफिल: दिल्ली से बुलाई लड़कियां, विदेशी शराब का दौर
पार्टी में मौजूद विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आयोजन के लिए होटल के टॉप फ्लोर को पूरी तरह बुक किया गया था ताकि बाहर किसी को कानों-कान खबर न हो सके। पार्टी के नाम पर वहां शराब और शबाब का खुला इंतजाम था। सूत्रों का दावा है कि महफिल को रंगीन बनाने के लिए दिल्ली से विशेष तौर पर युवतियां बुलाई गई थीं और देह व्यापार का धंधा भी चला। टेबल पर महंगी विदेशी शराब परोसी जा रही थी और उसी माहौल में जुए के बड़े-बड़े दांव लगाए जा रहे थे। टेबल पर ताश के पत्तों के साथ करोड़ों रुपये की गड्डियां सरेआम दांव पर लगाई जा रही थीं।
साउथ सिटी में अवैध कसीनो चलाने वाला ही था 'बर्थडे ब्वॉय'
हैरान कर देने वाली बात यह है कि जिस व्यक्ति का जन्मदिन मनाया जा रहा था, वह शहर का पुराना और शातिर सट्टा ऑपरेटर है। कुछ महीने पहले इसी बुक्की ने महानगर के पॉश इलाके साउथ सिटी में गैरकानूनी कसीनो शुरू किया था। उस समय 'पंजाब केसरी' ने इस गोरखधंधे की परतें खोलते हुए बड़ा खुलासा किया था, जिसके बाद मचे हड़कंप और पुलिस के भारी दबाव के चलते उसे कसीनो बंद करने पर मजबूर होना पड़ा था। कसीनो बंद होने के बाद उक्त बुक्की ने अब अपना ठिकाना बदलकर होटलों के कमरों और टॉप फ्लोर को जुए का नया अड्डा बना लिया है।
सीपी दफ्तर के पास लगातार हो रहा जुआ, कार्रवाई से बच रहा होटल
यह कोई पहला मौका नहीं है जब इस होटल में जुए और सट्टे की ऐसी महफिल सजी हो। सूत्र बताते हैं कि पिछले कुछ दिनों से इस होटल में लगातार करोड़ों रुपये के जुए के सेशन चल रहे हैं और शहर भर के बड़े-बड़े सटोरिए व रईसजादे यहां जुटते हैं। इसके बावजूद स्थानीय पुलिस की तरफ से कोई रेड या कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। शहर के सबसे सुरक्षित और वीआईपी माने जाने वाले इलाके में इस तरह संगठित जुआ गिरोह का सक्रिय होना पुलिस की कार्यप्रणाली और खुफिया तंत्र पर सीधे सवाल खड़े कर रहा है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

