NCB रिपोर्ट का खुलासा: पंजाब में 74 लाख नशेड़ी, 7 लाख बच्चे भी चपेट में
punjabkesari.in Wednesday, Mar 04, 2026 - 03:31 PM (IST)
पंजाब डेस्कः पंजाब में नशे की स्थिति बेहद गंभीर रूप धारण कर चुकी है, जो प्रदेशवासियों के लिए अत्यंत चिंता का विषय है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के जोनल डायरेक्टर अमनजीत सिंह ने सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण मंत्रालय की समिति की 51वीं रिपोर्ट का हवाला देते हुए पंजाब की भयावह तस्वीर पेश की है। रिपोर्ट के आंकड़ों के अनुसार पंजाब में नशा करने वालों की कुल संख्या 74 लाख है, जिनमें से 7 लाख ऐसे बच्चे हैं जिनकी उम्र मात्र 10 से 17 वर्ष के बीच है।
NCB अधिकारी ने दावा किया कि राज्य इस समय हेरोइन, ओपिओइड्स (अफीम जैसे नशे), सेडेटिव (नींद की गोलियां) और इनहेलेंट्स की चपेट में है। इससे भी अधिक चिंता की बात यह है कि अब कोकीन जैसे महंगे और खतरनाक नशे ने भी पंजाब में पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। ये आंकड़े साफ दर्शाते हैं कि नशे का जाल पंजाब की जवानी के साथ-साथ अब बचपन को भी अपनी गिरफ्त में ले रहा है, जो आने वाले समय के लिए एक बड़ी चुनौती है।
हरसिमरत कौर बादल का ट्वीट
शिरोमणि अकाली दल की वरिष्ठ नेता हरसिमरत कौर बादल ने भी नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के ताजा आंकड़ों का हवाला देते हुए आम आदमी पार्टी की सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि NCB के आंकड़े साबित करते हैं कि आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा चलाई जा रही ‘नशों के खिलाफ जंग’ महज दिखावा बनकर रह गई है। हरसिमरत कौर बादल ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरपरस्ती में पंजाब की एक पूरी पीढ़ी तबाही के कगार पर पहुंच गई है। उन्होंने सरकार से मांग की कि नशों के खिलाफ अभियान को केवल प्रचार तक सीमित न रखा जाए, बल्कि जमीनी स्तर पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि युवाओं को इस दलदल से बाहर निकाला जा सके।

