गाड़ी को साइड न देने पर भड़कीं AAP विधायक, ट्रक ड्राइवर को जड़ा थप्पड़...वीडियो वायरल
punjabkesari.in Tuesday, Sep 15, 2026 - 01:00 PM (IST)
लुधियाना (राज): डाबा रोड पर सोमवार दोपहर बाद आम आदमी पार्टी (AAP) की लुधियाना दक्षिण से महिला विधायक राजिंदरपाल कौर छीना का पारा उस समय चढ़ गया, जब आगे चल रहे एक ट्रक ने उनकी गाड़ी को साइड नहीं दी। आरोप है कि हूटर बजाने के बावजूद रास्ता न मिलने पर विधायक अपनी सरकारी गाड़ी से उतरकर सुरक्षाकर्मियों के साथ ट्रक के पास पहुंचीं और ड्राइवर को नीचे उतारकर उसे जोरदार थप्पड़ जड़ दिया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही ट्रक यूनियन और साथी चालकों का गुस्सा फूट पड़ा। चालकों ने सड़क पर धरना देकर विधायक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई व एफआईआर दर्ज करने की मांग की। वहीं, इस मुद्दे को लेकर विपक्षी दलों ने भी सत्तारूढ़ पार्टी पर तीखे हमले शुरू कर दिए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार दोपहर बाद एक भारी ट्रक डाबा रोड से गुजर रहा था। उसी दौरान पीछे से विधायक राजिंदरपाल कौर छीना का काफिला आ रहा था। संकरे रास्ते और जाम की स्थिति के चलते ट्रक सड़क के बीच खड़ा हो गया। विधायक की गाड़ी का चालक लगातार हूटर बजाकर रास्ता मांगता रहा, लेकिन ट्रक आगे नहीं बढ़ सका। काफी देर तक गाड़ी रुके रहने पर विधायक गुस्से में अपनी कार से बाहर निकल आईं और अपने हथियारों से लैस गनमैनों के साथ सीधे ट्रक की तरफ बढ़ीं।
वायरल हो रहे वीडियो में दिखाई दे रहा है कि विधायक गुस्से में ट्रक के पास पहुंचती हैं और केबिन का दरवाजा खोलती हैं। चालक अपनी सीट पर बैठकर ही बात करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन उसे जबरन नीचे उतार लिया गया। पीड़ित ड्राइवर ने रोष जताते हुए बताया—"जैसे ही मुझे नीचे उतारा गया, विधायक ने बिना कुछ सुने मेरे चेहरे पर एक जोरदार थप्पड़ मार दिया। उनके पीछे गनमैन भी तने खड़े थे। मैं बुरी तरह सहम गया और हाथ जोड़कर अपनी गलती पूछता रहा, लेकिन उन्होंने मुझे धमकाना जारी रखा।" ड्राइवर के साथ सरेआम हुई मारपीट की खबर फैलते ही देर रात बड़ी संख्या में साथी ट्रक चालक और स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। आक्रोशित चालकों ने सड़क पर जाम लगाकर धरना शुरू कर दिया और पुलिस प्रशासन से विधायक के खिलाफ निष्पक्ष एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
विधायक ने आरोपों को नकारा
दूसरी तरफ, अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए विधायक राजिंदरपाल कौर छीना ने सफाई दी है। विधायक ने कहा कि इलाके में भारी वाहनों और टिप्परों की बेलगाम रफ्तार को लेकर लगातार जनता की शिकायतें मिल रही थीं। उन्होंने दावा किया कि संबंधित ट्रक ड्राइवर बेहद लापरवाही से वाहन चला रहा था और उसने रास्ते में एक एक्टिवा तथा एक मोटरसाइकिल को टक्कर मारी थी। विधायक ने कहा—"जब हमने उसे रोकने की कोशिश की, तो वह बहस करने लगा। मैंने उसे कोई थप्पड़ नहीं मारा। वह गाड़ी भगाने की फिराक में था, इसलिए मैंने उसके हाथ से गाड़ी की चाबी छीनी थी। इसके बाद हमने तुरंत थाना डाबा की पुलिस को मौके पर बुलाकर चालक को उनके हवाले कर दिया था।"
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

