अकाली-भाजपा गठबंधन की खबरों के बीच दिल्ली से आया संदेश! जानें क्या बोले पंजाब प्रभारी सतीश पूनिया

punjabkesari.in Monday, Aug 31, 2026 - 04:50 PM (IST)

चंडीगढ़: पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच संभावित गठबंधन की चर्चाओं पर भाजपा ने अपना रुख साफ कर दिया है। पंजाब भाजपा के प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया ने कहा कि पार्टी हाईकमान का स्पष्ट संदेश है कि भाजपा पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ेगी।

117 सीटों पर चुनाव लड़ने का मतलब साफ...
पंजाब दौरे के पहले दिन पत्रकारों से बातचीत में डॉ. पूनिया ने कहा कि वह केंद्र नेतृत्व का संदेश लेकर आए हैं और पार्टी किसी भी गठबंधन के बजाय अपने दम पर चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि 117 सीटों पर चुनाव लड़ने का मतलब साफ है कि भाजपा किसी अन्य दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हुई मुलाकात पर पूछे गए सवाल के जवाब में डॉ. पूनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री पूरे देश के प्रधानमंत्री हैं। किसी नेता की उनसे मुलाकात का मतलब यह नहीं होता कि दोनों दलों के बीच गठबंधन होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी मुलाकातों में राज्य और देश से जुड़े कई अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हो सकती है।

एक बार फिर गठबंधन की सभी अटकलों को किया खारिज
भाजपा प्रभारी ने त्रिपुरा और हरियाणा का उदाहरण देते हुए कहा कि इन राज्यों में भी कभी पार्टी का मजबूत जनाधार नहीं था, लेकिन बाद में भाजपा ने सरकार बनाई और विकास कार्य किए। उन्होंने विश्वास जताया कि पंजाब में भी भाजपा बेहतर प्रदर्शन करेगी। वहीं, भाजपा नेताओं सुनील जाखड़ और पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के अकाली दल के साथ गठबंधन संबंधी बयानों पर डॉ. पूनिया ने कहा कि दोनों वरिष्ठ नेताओं का अपना राजनीतिक अनुभव है, लेकिन यह उनके व्यक्तिगत विचार हो सकते हैं। पार्टी का अंतिम फैसला दिल्ली स्थित केंद्रीय नेतृत्व ही करेगा। उन्होंने एक बार फिर गठबंधन की सभी अटकलों को खारिज कर दिया।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News