Amritsar में दिनदहाड़े कार में बैठे युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग
punjabkesari.in Thursday, Apr 16, 2026 - 09:11 AM (IST)
अमृतसर(रमन): शहर के गांव भुल्लर में पुरानी रंजिश के चलते दिनदहाड़े एक युवक की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मनजीत सिंह(32) के रूप में हुई है, जो शादीशुदा था और उसके 4 बच्चे हैं। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने चलाई गोलियां
जानकारी के अनुसार मनजीत सिंह अपनी कार में बैठा हुआ था, जो एक चिकन शॉप के पास खड़ी थी। इसी दौरान अचानक मोटरसाइकिलों पर सवार हमलावर मौके पर पहुंचे और कार में बैठे मनजीत सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब चार राउंड फायर किए, जिनमें से तीन गोलियां मनजीत सिंह को लगीं। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मौके से गोलियों के खोल बरामद
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार इस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश को मुख्य कारण माना जा रहा है। जानकारी के मुताबिक साल 2024 में मनजीत सिंह और दूसरे पक्ष के बीच झगड़ा हुआ था, जिस पर धारा 452 के तहत मामला भी दर्ज किया गया था। उसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। मौके से गोलियों के खोल बरामद किए गए हैं और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

