अमृतसर में विभिन्न पाबंदियों के आदेश जारी, उल्लंघन करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
punjabkesari.in Tuesday, Nov 10, 2026 - 02:18 PM (IST)
अमृतसर (नीरज): जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति को बरकरार रखने, लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने और संभावित अप्रिय घटनाओं को रोकने के मद्देनजर एडिशनल जिला मैजिस्ट्रेट पल्लवी मिश्रा द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत विभिन्न पाबंदी के आदेश जारी किए गए हैं। जारी आदेशों के अनुसार जिले के देहाती (ग्रामीण) क्षेत्रों में स्थित मैरिज पैलेसों और कार्यक्रमों वाले स्थानों पर हथियार ले जाने, हवाई फायर करने और सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने पर पूरी तरह से पाबंदी लगा दी गई है।
एडिशनल जिला मैजिस्ट्रेट ने बताया कि एस.एस.पी. अमृतसर देहाती द्वारा उनके ध्यान में लाया गया था कि शादियों और अन्य समारोहों के दौरान कई व्यक्तियों द्वारा हथियार साथ ले जाने और हवाई फायर करने की घटनाएं सामने आती हैं। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी हथियारों का प्रदर्शन किया जाता है, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने और किसी अप्रिय घटना के घटने का अंदेशा बना रहता है।
इसी तरह पंजाब सरकार द्वारा अमृतसर शहर की चारदीवारी सहित श्री आनंदपुर साहिब, तलवंडी साबो (श्री दमदमा साहिब) और बठिंडा को पवित्र शहर घोषित करने संबंधी जारी अधिसूचना के मद्देनजर अमृतसर के चारदीवारी वाले क्षेत्र में पान, बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू आधारित पदार्थों और नशीले पदार्थों के उपयोग, बिक्री और भंडारण पर पाबंदी के आदेश जारी किए गए हैं। इन आदेशों का पालन करवाने की जिम्मेदारी सिविल सर्जन अमृतसर को सौंपी गई है।
हवाई अड्डे के पास ड्रोन उड़ाने पर पाबंदी
एक अन्य आदेश के जरिए श्री गुरु रामदास जी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा, राजासांसी के आसपास पड़ने वाले देहाती क्षेत्र में ड्रोन कैमरे उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। एडिशनल जिला मैजिस्ट्रेट ने कहा कि हवाई अड्डे से दिन-रात अंतर्राष्ट्रीय और घरेलू उड़ानों की आवाजाही रहती है। इसके आसपास के इलाकों में कई होटल और मैरिज पैलेस स्थित हैं, जहां कार्यक्रमों की वीडियोग्राफी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जाता है। ऐसी स्थिति में सुरक्षा और हवाई यातायात को खतरा पैदा होने की संभावना के मद्देनजर यह पाबंदी लगाई गई है।
सीमावर्ती क्षेत्र में रात के समय नहीं होगी आवाजाही
भारत-पाकिस्तान सीमा की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिले के देहाती पुलिस अधिकार क्षेत्र के तहत आने वाले सीमावर्ती थाना क्षेत्रों में बाड़ (कंटीली तार) से 500 मीटर के दायरे के भीतर शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक हर तरह की आवाजाही और गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है। आदेशों के अनुसार सीमावर्ती क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों के कारण देश की सुरक्षा और शांति को खतरा पैदा होने की आशंका बनी रहती है। इसलिए लोगों की जान-माल की सुरक्षा के लिए यह कदम उठाया गया है।
इसके अलावा असला (गोला-बारूद) भंडार ब्यास के आसपास 1,000 वर्ग गज के क्षेत्र में ज्वलनशील पदार्थों के उपयोग और अनधिकृत निर्माण कार्य करने पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। एडिशनल जिला मैजिस्ट्रेट के अनुसार इस क्षेत्र में ज्वलनशील पदार्थों के प्रयोग और अवैध निर्माण के कारण किसी अप्रिय घटना का खतरा बना रहता है। मानव जीवन और सरकारी संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह आदेश जारी किए गए हैं। एडिशनल जिला मैजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि इन पाबंदी के आदेशों का मुख्य उद्देश्य जिले में सुरक्षित माहौल बनाए रखना, कानून-व्यवस्था की स्थिति को मजबूत करना और किसी भी संभावित अप्रिय घटना को रोकना है।

