मातम में बदली शादी की खुशियां! फौजी की गोली लगने से मौत, चार दिन पहले ही हुई थी शादी

punjabkesari.in Saturday, Jan 31, 2026 - 01:20 PM (IST)

तरनतारन (रमन): जिले के विधानसभा हलका खडूर साहिब के अंतर्गत आते गांव मल्ल मोहरी में शादी के जश्न दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। हवाई फायरिंग करते समय गोली लगने से एक फौजी जवान की मौत हो गई। मृतक जवान की अपनी शादी महज चार दिन पहले ही हुई थी, जिससे परिवारों की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 वर्षीय गुरसेवक सिंह पुत्र प्रगट सिंह, निवासी खडूर साहिब, भारतीय सेना में पिछले करीब 9 वर्षों से सेवाएं दे रहा था। वर्तमान में वह असम के डिब्रूगढ़ में 18 सिख बटालियन में तैनात था। गुरसेवक सिंह का विवाह 25 जनवरी को संदीप कौर के साथ हुआ था और घर में खुशी का माहौल बना हुआ था।

बताया जा रहा है कि गुरसेवक सिंह अपने दोस्त जोबन सिंह, निवासी गांव मल्ल मोहरी, की शादी में शामिल होने के लिए 29 जनवरी को अपने फौजी साथी सरोवर सिंह पुत्र सुखदेव सिंह, निवासी खडूर साहिब के साथ वहां पहुंचा था। देर शाम शादी की खुशियों के चलते भांगड़ा डाला जा रहा था। इसी दौरान गुरसेवक सिंह और सरोवर सिंह द्वारा हथियार से हवाई फायरिंग शुरू कर दी गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों के बीच सबसे पहले फायर करने को लेकर बहस हो गई। इसी दौरान सरोवर सिंह द्वारा चलाई गई गोली अचानक गुरसेवक सिंह को जा लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद शादी का माहौल चीख-पुकार और शोक में बदल गया। गुरसेवक सिंह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था जो पीछे दो बहनें, माता लखविंदर कौर और पिता प्रगट सिंह को छोड़ गया है।

इस संबंध में डीएसपी गोइंदवाल साहिब अतुल सोनी ने बताया कि थाना सदर तरन तारन की पुलिस ने आरोपी सरोवर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार लाइसेंसी था या नहीं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News