वक्फ बोर्ड की जमीन पर कब्जा छुड़ाने गई टीम पर जानलेवा हमला, माहौल तनावपूर्ण
punjabkesari.in Saturday, Aug 01, 2026 - 11:23 AM (IST)
लुधियाना (राज): पंजाब वक्फ बोर्ड की जमीन पर अदालती आदेशों के तहत कब्जा छुड़ाने के लिए गई वक्फ बोर्ड की टीम पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने सरकारी काम में रोड़ा अटकाते हुए वक्फ बोर्ड के कर्मचारियों की बेरहमी से मारपीट की, जिसमें एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। थाना हैबोवाल आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पंजाब वक्फ बोर्ड लुधियाना की ओर से दी गई शिकायत के अनुसार, अदालत द्वारा जारी 'वारंट ऑफ पजेशन' के तहत वक्फ बोर्ड की संपत्ति का कब्जा लेने के लिए बीती 29 जुलाई को टीम गठित की गई थी। बोर्ड के कर्मचारी परमजीत सिंह और हल्का कानूनगो जसवीर सिंह अन्य दफ्तरी मुलाजिमों के साथ गांव जस्सियां स्थित वक्फ बोर्ड की जमीन पर पहुंचे थे।
शिकायत में बताया गया है कि जैसे ही वक्फ बोर्ड की टीम गांव जस्सियां पहुंची, वहां काफी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और बोर्ड को अपनी जमीन पर कब्जा लेने से रोकने लगे। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और आरोपियों ने तैश में आकर जान से मारने की नीयत से वक्फ बोर्ड के कर्मचारियों पर जानलेवा हमला बोल दिया। इस हमले के दौरान आरोपियों ने वक्फ बोर्ड के मुलाजिमों की जमकर मारपीट की। आरोपियों द्वारा की गई इस मारपीट में वक्फ बोर्ड के रेंट कलैक्टर (Rent Collector) मोहम्मद अदनान को काफी गंभीर चोटें आईं। जब बाकी कर्मचारियों ने शोर मचाया और बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी मौके से जान से मारने की धमकियां देते हुए फरार हो गए।
घटना के बाद घायल कर्मचारी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। वक्फ बोर्ड के अधिकारियों ने तुरंत पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वक्फ बोर्ड की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में विघ्न डालने, जानलेवा हमला करने और मारपीट की गंभीर धाराओं के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

