पंजाब में तड़के सुबह-सुबह किसानों पर पुलिस का बड़ा Action
punjabkesari.in Tuesday, Mar 04, 2025 - 11:28 AM (IST)

टांडा/समराला (वरिंदर पंडित): संयुक्त किसान मोर्चे द्वारा किसानों की मांगों को लेकर 5 मार्च को चंडीगढ़ में धरना प्रदर्शन करने का ऐलान किया गया है। किसानों के चंडीगढ़ कूच करने से पहले ही पुलिस ने एक्शन मोड में आकर कई किसान नेताओं के घरों पर छापेमारी कर उन्हें हिरासत में ले लिया। किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि बलबीर सिंह राजेवाल को देर रात करीब अढ़ाई बजे हिरासत में लिया गया।
बताया जा रहा है कि किसान नेता प्रदेश अध्यक्ष जंगवीर सिंह चौहान को टांडा पुलिस ने सुबह 4 बजे हिरासत में ले लिया। दोआबा किसान कमेटी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष जंगवीर सिंह चौहान को आज सुबह करीब 4 बजे उनके पैतृक गांव रसूलपुर में हिरासत में लिया गया।
इसी तरह, चंडीगढ़ मार्च से पहले ही पुलिस ने समराला विधानसभा क्षेत्र में करीब एक दर्जन जगहों पर छापेमारी कर कई किसान नेताओं को हिरासत में लिया है। पुलिस ने बी.के.यू. कादियां के जिला लुधियाना अध्यक्ष हरदीप सिंह ग्यासपुरा, बी.के.यू. कादियां के मोहन सिंह संधेर, बी.के.यू. दोआबा जिला लुधियाना के अध्यक्ष बलबीर सिंह खीरनिया को हिरासत में ले लिया गया। इसके अलावा अन्य जिलों में भी कई किसान नेताओं को हिरासत में लिए जाने की खबर है। बता दें कि गत दिवस चंडीगढ़ में किसान संगठनों के नेताओं व सी.एम. मान के बीच मीटिंग हुई थी। मांगों को लेकर लंबे वक्त से आंदोलन कर रहे किसान नेताओं संग पंजाब के मुख्यमंत्री ने बैठक की, लेकिन बैठक में बहस के बाद सीएम मीटिंग छोड़कर अचानक चले गए।
सीएम ने मीटिंग दौरान किसान नेताओं को कहा कि आप लोग सड़कों पर मत बैठा करो। भगवंत मान ने किसानों से मीटिंग में अपील की है कि चक्का जाम करना, सड़कों को बाधित करना और ट्रेनों को रोकना या पंजाब बंद करना समस्या का हल नहीं है। लेकिन किसान नहीं माने, जिसके बाद मुख्यमंत्री बीच में ही बैठक छोड़कर चले गए। सीएम भगवंत मान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, ''आज पंजाब भवन में हुई बैठक में मैंने किसान जत्थेबंदियों के सभी सम्माननीय नेताओं से अपील की कि चक्का जाम करना, सड़कों और रेलों को रोकना या पंजाब बंद करना, किसी समस्या का हल नहीं है। इन सबसे आम लोगों को परेशान होना पड़ता है। समाज के बाकी वर्गों के कामकाज और कारोबार पर भी इसका बहुत असर पड़ता है, इसका भी हम ख्याल करें।''