भाजपा नेता के ऑफिस में हुई फायरिंग के मामले में बड़ा खुलासा
punjabkesari.in Tuesday, Jun 27, 2023 - 11:27 AM (IST)

लुधियाना : गांधी नगर मार्किट के नजदीक भाजपा पार्षद के ऑफिस में घुसकर युवक पर फायरिंग करने के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने 3 आरोपियों को काबू कर लिया है। जबकि मुख्य आरोपी सहित 4 आरोपी अभी तक फरार चल रहे हैं। पकड़े गए आरोपियों में साहिल कैंथ उर्फ गोरा, हिमांशु गिल उर्फ गोशा और धमन मंगू उर्फ मांशु शामिल हैं। जबकि फरार चल रहे आरोपियों में मुख्य विनय भंडारी और उसके साथी भोला शुकला, साहिल बेदी उर्फ ननू और दमन कुमार उर्फ अंकुमश कारू शामिल हैं। उनकी तलाश में पुलिस की लगातार छापेमारी चल रही है।
जानकारी देते हुए ए.डी.सी.पी. रूपदिंर कौर सरां और ए.सी.पी. अशोक कुमार ने बताया कि 21 जून को भाजपा पार्षद सुनीता शर्मा के बेटे राजू के आफिस में मनीष नाम का युवक मिलने के लिए आया था। इस दौरान कुछ हथियारबंद युवक आए और उस पर हमला कर गोलियां चला दी थीं। एक गोली युवक के पेट में लगी थी। केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। थाना डिवीजन नंबर-4 के एस.एच.ओ. गुरजीत सिंह की अगुवाई में बनी टीम ने 2 दिनों के अंदर-अंदर केस को हल करते हुए 3 आरोपियों को काबू किया है। आरोपी साहिल कैंथ उर्फ गोरा, हिमांशु गिल उर्फ गोशा और धमन मंगु उर्फ मांशु है। आरोपियों से हुई पूछताछ में पता चला कि मनीष पर हमले का कारण एक गर्ल फ्रैंड थी।
लड़की के कारण पैदा हुई थी रंजिश
बसंत नगर इलाके में एक लड़की रहती है। उक्त लड़की की दोस्ती पहले आरोपी विनय भंडारी के साथ थी। अब उस लड़की की दोस्ती मनीष के भाई अभि के साथ हो गई थी। विनय भंडारी इसी बात की रंजिश रखने लग गया था। विनय ने अपने साथियों को साथ मिलाया और अभि को ढूंढने लग गया। अभि तो शहर से बाहर गया हुआ था। इसलिए उसने मनीष को ही अपना निशाना बना लिया। जब मनीष घर से भाजपा पार्षद पुत्र के ऑफिस में जा रहा था तो आरोपियों ने पीछा करना शुरू कर दिया और मनीष के ऑफिस पहुंचने पर आरोपियों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया था। एस.एच.ओ. गुरजीत सिंह का कहना है कि उनके पास आरोपियों की सी.सी.टी.वी. कैमरे की फुटेज मिली थी। जिसके बाद आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया था। आरोपियों को वारदात के दो दिन बाद ही जालंधर बाइपास चौक से काबू कर लिया गया था। आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल बाइक और तेजधार हथियार मिले हैं। तकरीबन सभी आरोपियों पर पहले भी केस दर्ज हैं। जोकि जमानत पर बाहर चल रहे हैं। बाकी बचे आरोपियों को भी जल्द काबू कर लिया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here