500 स्कूलों के रिजल्ट में हुई गड़बड़ी, सी.बी.एस.ई. ने किया बड़ा खुलासा

punjabkesari.in Thursday, Jun 06, 2024 - 11:15 PM (IST)

लुधियाना (विक्की): सैन्ट्रल बोर्ड ऑफ सैंकेडरी एजुकेशन (सी.बी.एस.ई.) के रिजल्ट में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का पता चला है। सी.बी.एस.ई. ने खुद अपनी वैबसाइट पर जारी नोटिस में इस बात की जानकारी दी है। चौंकाने वाली बात यह है कि यह गड़बड़ी प्रैक्टिकल परीक्षाओं के मूल्यांकन में हुई है। नोटिस के अनुसार सी.बी.एस.ई. के एडवांस्ड आर्टिफिशियल इंटैलीजैंस (ए.आई.) टूल द्वारा जांच में पाया गया है कि पूरे देश में 500 से ज्यादा स्कूलों के रिजल्ट में गंभीर गड़बड़ी है। इन स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों के सी.बी.एस.ई. थ्योरी और प्रैक्टिकल परीक्षा के अंकों में बहुत बड़ा अंतर पाया गया है। चिंता की बात यह है कि इन 500 से ज्यादा स्कूलों में से आधे से ज्यादा छात्रों (50% से अधिक) के प्रैक्टिकल और थ्योरी मार्क्स में भारी अंतर पाया गया है।

यह बड़ा अंतर साफ संकेत करता है कि इन स्कूलों में सी.बी.एस.ई. 10वीं और 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाओं के मूल्यांकन में गड़बड़ी हुई है। शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और निष्पक्ष मूल्यांकन सुनिश्चित करने के लिए सी.बी.एस.ई. ने सख्त कदम उठाते हुए इन सभी 500 से अधिक स्कूलों को एडवाइजरी जारी कर उनके आंतरिक मूल्यांकन (इंटरनल असैसमैंट) की प्रक्रिया की समीक्षा करने के आदेश दिए हैं।

बोर्ड का लक्ष्य सी.बी.एस.ई. से जुड़े स्कूलों में आंतरिक अंकों को देने की प्रक्रिया को ज्यादा पारदर्शी और भरोसेमंद बनाना है। यह एडवाइजरी दरअसल स्कूलों को ये याद दिलाने के लिए जारी की गई है कि उन्हें सी.बी.एस.ई. प्रैक्टिकल परीक्षाओं का मूल्यांकन निष्पक्षता से करना चाहिए और शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए।

छात्रों और अभिभावकों को चिंता करने की जरूरत नहीं

यह खबर सुनकर छात्रों और अभिभावकों के मन में ये सवाल उठना स्वाभाविक है कि इसका असर मई में जारी हुए सी.बी.एस.ई. 10वीं और 12वीं के नतीजों पर तो नहीं पड़ेगा? सी.बी.एस.ई. ने स्पष्ट किया है कि इस बार जारी हुए सी.बी.एस.ई. बोर्ड परीक्षा 2024 के नतीजों पर इसका कोई असर नहीं होगा। यह बदलाव आने वाली परीक्षाओं यानी सी.बी.एस.ई. बोर्ड परीक्षा 2025 से लागू होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News