मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, युवक को 10-12 लोगों ने घेरकर पीटा, CCTV खंगाल रही पुलिस

punjabkesari.in Wednesday, Aug 26, 2026 - 12:37 PM (IST)

लुधियाना (राज): शेरपुर खुर्द इलाके में गली में मोटरसाइकिल खड़े करने के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। अपनी कार निकालने के लिए रास्ते में खड़ी बाइक साइड करने पर जय सिंह भाटिया ने अपने 10-12 साथियों के साथ मिलकर एक व्यक्ति पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने न केवल पीड़ित के साथ बेरहमी से मारपीट की और जान से मारने की धमकियां दीं, बल्कि ईंट मारकर उसकी किआ कार का शीशा भी तोड़ डाला। पीड़ित की शिकायत पर स्थानीय पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।

पुलिस को दिए बयानों में गौतम ने बताया कि बीते 25 अगस्त 2026 को वह अपने गोदाम शेरपुर खुर्द के पास मौजूद था। उस ने बताया कि आरोपी जय विजय सिंह भाटिया की कंपनी में काम करने वाले कर्मचारियों के मोटरसाइकिल अक्सर गली के बीचों-बीच बेतरतीब ढंग से खड़े रहते हैं, जिससे आवाजाही में भारी परेशानी होती है। बीते दिन जब वह गली में खड़े इन मोटरसाइकिलों को साइड करवाकर अपनी किआ कार को वहां से निकालने लगा, तो आरोपी रंजिश रखने लगे।

इसी बात को लेकर आरोपी जय सिंह भाटिया अपने 10 से 12 वर्करों को साथ लेकर मौके पर आ धमका और पीड़ित के साथ गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर सभी आरोपियों ने मिलकर पीड़ित को घेर लिया और उसके साथ जमकर मारपीट की। हमले के दौरान आरोपियों ने ईंट उठाकर पीड़ित की किआ कार पर दे मारी, जिससे गाड़ी का शीशा चकनाचूर हो गया। जाते समय आरोपी पीड़ित को दोबारा सामने आने पर जान से मारने की गंभीर धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित के बयानों और क्षतिग्रस्त गाड़ी की स्थिति के आधार पर जय सिंह भाटिया और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि झगड़ा करने वाले अन्य वर्करों की पहचान कर उन पर शिकंजा कसा जा सके।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash