CM Mann: लोकतंत्र और संविधान बचाने के लिए हो जाइए तैयार

punjabkesari.in Sunday, May 26, 2024 - 12:40 PM (IST)

पंजाब- मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को अमृतसर से आप उम्मीदवार कुलदीप सिंह धालीवाल के लिए प्रचार किया। मान ने राजासांसी, अजनाला और मजीठा में आप उम्मीदवार के पक्ष में रोड शो किया। गर्मी के बावजूद मान के रोड शो में हजारों लोग शामिल हुए। लोगों ने वादा किया कि वह अमृतसर से अन्य सभी राजनीतिक दलों का सफाया करने के लिए तैयार हैं। वह आम आदमी पार्टी को ही वोट देंगे और 4 जून को अमृतसर में आम आदमी पार्टी भारी अंतर से जीतेगी।

राजासांसी में लोगों को संबोधित करते हुए भगवंत मान ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए तैयार हो जाइए। जनता अपने वोट के अधिकार का प्रयोग करने के लिए तैयार हो जाइए। वोट देने का अधिकार स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने जीवन का बलिदान देकर उनके लिए अर्जित किया था। मान ने कहा कि उन्हें खुशी है कि इस भयानक गर्मी के बावजूद लोग उनका समर्थन करने के लिए अपने घरों से बाहर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह उनके प्यार और समर्थन का कर्ज कभी नहीं चुका सकते।

कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल के विधानसभा क्षेत्र अजनाला में मान ने कहा कि पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री के तौर पर कुलदीप धालीवाल ने 10 हजार एकड़ जमीन को प्रभावशाली लोगों से अवैध कब्जे से मुक्त कराया है। वह पंजाब की सबसे मजबूत आवाज़ों में से एक हैं। मजीठा में उन्होंने लोगों से बदलाव के लिए वोट करने की अपील की है। इस रोड शो के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए आप प्रत्याशी कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि उन्होंने अपने वोट के जरिए बिक्रम मजीठिया की गुंडागर्दी को रोकना है। एक बार जब अकाली नेता बिक्रम मजीठिया जैसे लोग हार जाएंगे और उनके पास कोई शक्ति नहीं रहेगी, तो अमृतसर के लोगों को झूठे मामलों के खतरे से मुक्ति मिल जाएगी।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Radhika Salwan

Related News