शादी का झांसा देकर युवक ने किया शोषण, तंग आकर युवती ने नहर में छलांग लगा किया Suicide

punjabkesari.in Wednesday, Apr 15, 2026 - 09:21 AM (IST)

लुधियाना (राज): प्यार में धोखे और मानसिक प्रताड़ना का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। लुधियाना के मुल्लांपुर दाखा के अंतर्गत आते गांव गहोड़ की एक 24 वर्षीय युवती ने शादी का झांसा देकर किए जा रहे शोषण से तंग आकर नहर में कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतका की पहचान बेअंत कौर के रूप में हुई है।

बेटी का शव नहर के किनारे पड़ा देखा
 युवती के पिता ने पुलिस को अपने बयान में बताया कि उनकी बेटी बीती 12 अप्रैल को घर से यह कहकर निकली थी कि वह मॉडल टाउन स्थित बाबा दीप सिंह गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने जा रही है। जब काफी देर तक वह घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसके मोबाइल पर फोन किया। बेटी के फोन पर किसी अनजान व्यक्ति ने कॉल रिसीव की। फोन उठाने वाले ने बताया कि गांव घवद्दी के पास एक लड़की ने नहर में छलांग लगा दी है। सूचना मिलते ही पिता तुरंत मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी बेटी का शव नहर के किनारे पड़ा देखा।

शादी का झांसा देकर बनाए शारीरिक संबंध
बेटी की मौत की खबर जब घर पहुंची, तो मां ने खुलासा किया, उसने पिता के होश उड़ा दिए। उस ने बताया कि उनकी बेटी को मनजीत सिंह उर्फ जीत नाम का युवक काफी समय से परेशान कर रहा था। आरोपी मनजीत सिंह ने बेअंत कौर को शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए थे और लंबे समय से उसका शोषण कर रहा था। पीड़ित परिवार का आरोप है कि मनजीत सिंह उसे मानसिक तौर पर इतना प्रताड़ित कर रहा था कि उसकी बेटी गहरे तनाव में रहने लगी थी। इसी मानसिक दबाव और धोखे के कारण उसने मौत को गले लगाने जैसा खौफनाक कदम उठाया। इस मामले में थाना डेहलों की पुलिस ने पीड़ित पिता के बयानों के आधार पर आरोपी मनजीत सिंह उर्फ जीत के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News