सिद्धू की जेल से रिहाई के जलवे के बाद कांग्रेस का पटियाला में प्रदर्शन, सिद्धू को नहीं बुलाया
punjabkesari.in Tuesday, Apr 04, 2023 - 11:53 PM (IST)

पटियाला (राजेश) : 10 महीने से अधिक समय पटियाला की केंद्रीय जेल में बिताने के बाद जेल से रिहा हुए पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू की रिहाई मौके वर्करों का बेमिसाल जलसा हुआ था। बेशक सरकार ने सिद्धू के इस जलवे को कम करने के लिए सिद्धू को दोपहर 12 बजे रिहा करने की बजाय शाम को 6 बजे रिहा किया परंतु इसके बावजूद भी वर्कर शाम 7 बजे तक पटियाला की सड़कों पर डटे रहे थे।
सरकार के साथ-साथ सिद्धू की अपनी कांग्रेस पार्टी उनके इस राजनैतिक शो पर नजर रखे हुई थी। हालाकि प्रियंका गांधी और राहुल गांधी सिद्धू से बेहद खुश हैं और समूचे गांधी परिवार ने सिद्धू को फोन भी किए परंतु पंजाब की लीडरशिप सिद्धू से डरी हुई दिखाई दी। शायद यही कारण है कि सिद्धू के सफल जलवे के बाद कांग्रेस ने पटियाला में रोष मार्च किया। यह रोष मार्च नवजोत सिंह सिद्धू के घर से सिर्फ 500 मीटर की दूरी शेरांवाला गेट से शुरू किया गया था परंतु इसमें नवजोत सिंह सिद्धू ने शिरकत नहीं की।
सूत्रों अनुसार पंजाब लीडरशिप की तरफ से नवजोत सिंह सिद्धू को बुलाया ही नहीं गया था। जिस दिन नवजोत सिंह सिद्धू ने जेल रिहा होना था, उस दिन ही कांग्रेस ने यह रोष मार्च निकालना था परंतु कांग्रेस पार्टी की तरफ से उस दिन यह प्रोग्राम कैंसल कर दिया गया था क्योंकि अधिकतर वर्करों की रूचि सिद्धू की रिहाई की तरफ बनी हुई थी।
सिद्धू का प्रभाव कम करने के लिए समूची पंजाब लीडरशिप पहुँची
नवजोत सिंह सिद्धू के जलवे और प्रभाव को कम करने के लिए इस प्रदर्शन में कांग्रेस की समूची लीडरशिप पहुँची, जिस में पंजाब कांग्रेस के इंचार्ज हरीश चौधरी, पंजाब प्रधान अमरिन्द्र सिंह राजा वड़िंग, विरोधी पक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व कैबिनेट मंत्री ब्रह्म महेन्द्रा, पंजाब कांग्रेस के कार्यकारी प्रधान और पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु समेत जिले के समूचे पूर्व विधायक, हलका इंचार्ज, पंजाब महिला कांग्रेस की प्रधान गुरशरन कौर रंधावा व अन्य नेताओं ने शिरकत की। नवजोत सिंह सिद्धू इस समय न पंजाब का प्रधान है, न विधायक और न ही उस के पास कोई अन्य ओहदा है परन्तु इस के बावजूद भी सिद्धू की अपनी पार्टी की स्टेट लीडरशिप और पंजाब सरकार ने रोड़े खड़े करने के बावजूद भी सिद्धू के हक में हजारों लोगों का आना उसकी लोकप्रियता पर मोहर लगाता है।