स्वतंत्रता दिवस को लेकर DGP ने पुुलिस कमिश्नरों व SSP को फील्ड में उतारा

punjabkesari.in Tuesday, Aug 09, 2022 - 09:43 AM (IST)

जालंधर(धवन): पंजाब के डी.जी.पी. गौरव यादव ने राज्य के सभी पुलिस कमिश्नरों तथा एस.एस.पीज को स्वतंत्रता दिवस को निकट देखते हुए कानून व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए फील्ड में उतारा है। राज्यभर में सभी पुलिस कमिश्नर तथा एस.एस.पीज ने अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर विशेष रूप से चैकिंग अभियान में भाग लिया। पंजाब पुलिस की यह कार्रवाई आज दिन भर चलती रही।

पंजाब के बड़े महानगरों जालंधर में पुलिस कमिश्नर गुरशरण सिंह संधू, लुधियाना के पुलिस कमिश्नर कौस्तुभ शर्मा तथा अमृतसर के पुलिस कमिश्नर अरुण पाल सिंह ने समूचे पुलिस अधिकारियों के साथ फील्ड में जाकर लगाए गए नाकों का निरीक्षण किया और साथ ही नाकों की चैकिंग की। बाद में सभी पुलिस अधिकारियों ने डी.जी.पी. को भेजी रिपोर्ट में कानून व्यवस्था की स्थिति पर संतोष जताया। डी.जी.पी. गौरव यादव ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर इस बार पुलिस के सभी वरिष्ठ अधिकारी फील्ड में उतरे हैं।

इससे पहले उन्होंने ए.डी.जी.पी, आई.जी. तथा डी.आई.जी. स्तर के अधिकारियों को सभी जिलों में भेजकर पुलिस अधिकारियों के साथ बैठकें करवाई थीं ताकि स्वतंत्रता दिवस से पहले ही सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए जा सकें। पंजाब पुलिस के उच्चाधिकारियों ने बताया कि राज्य के 7 सीमावर्ती जिलों में विशेष पुलिस नाके स्थापित किए गए हैं और सीमावर्ती जिलों में विशेष चैकिंग अभियान भी चलाया गया है। स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए कई जिलों में आज पुलिस अधिकारियों व जवानों ने हथियार भी चलाए। पंजाब पुलिस के साथ-साथ विशेष कमांडो के दस्तों को भी सीमावर्ती जिलों में भेजा गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Recommended News

Related News