नए DGP वी.के. भावरा के साथ पंजाब केसरी की खास बातचीत
punjabkesari.in Sunday, Jan 09, 2022 - 02:50 PM (IST)

जालंधर: पंजाब जैसे सीमांत प्रदेश में पंजाब पुलिस की भूमिका से हर कोई वाकिफ है। आतंकवाद के दौर को बहादुरी व कुर्बानियों के साथ खत्म करने वाली पंजाब पुलिस को देशभर की पुलिस फोर्सिज में इसीलिए खास स्थान हासिल है। पंजाब पुलिस की चुनौतियों में एक तरफ पाकिस्तान जैसे पड़ोसी देश के साथ लगी सैंकड़ों किलोमीटर की अंतर्राष्ट्रीय सीमा है वहीं विदेशों में बैठे और आई.एस.आई. समर्थित संगठनों द्वारा लगातार पंजाब में गड़बड़ फैलाने के किए जा रहे प्रयास भी बड़ी चुनौती बने रहते हैं। तभी कहा जाता है कि पंजाब पुलिस का सबसे ऊंचा पद, डी.जी.पी. जहां प्रतिष्ठा बढ़ाने वाला है, वहीं अपने साथ बड़ी चुनौतियां भी लाता है। यह भी इत्तेफाक की बात है कि यू.पी.एस.सी. द्वारा तय किए गए 3 अधिकारियों के पैनल में से शनिवार को ही पंजाब सरकार ने डी.जी.पी. के तौर पर तैनात करने के लिए 1987 बैच के आई.पी.एस. अधिकारी वीरेश कुमार भावरा का चयन किया। प्राथमिकताओं और चुनौतियों संबंधी पंजाब केसरी के रमनजीत सिंह ने उनसे बात की। पेश हैं प्रमुख अंश:-
प्र: संयोगवश आपने चार्ज संभाला और राज्य में चुनाव का भी ऐलान हो गया, क्या प्राथमिकता रहेगी?
उ: यह तो जाहिर-सी बात है, चुनाव को पारदर्शी, निर्विघ्न व शांतिपूर्वक और चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशानुसार करवाना सबसे बड़ी प्राथमिकता रहेगी। यह बड़ी जिम्मेदारी वाला काम होता है और इसे जिम्मेदारी से ही निभाया जाएगा।
प्र: पंजाब सीमांत प्रदेश है, अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर भी बड़ी एक्टिविटीज रहती हैं, हाल ही में राज्य में कई अप्रिय घटनाएं घटित हो चुकी हैं। ऐसे में चुनाव के लिए क्या इंतजाम होंगे?
उ: देखिए, पुलिस का काम कानून-व्यवस्था को बनाए रखना होता है। पंजाब पुलिस चुनाव के साथ-साथ अपनी मूल ड्यूटी कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर भी पूरी तरह ध्यान देगी। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कहीं पर भी कोई गड़बड़ी न होने पाए। जहां रही अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर एक्टिविटीज की बात, तो इन पर काबू पाने के लिए पंजाब पुलिस पूरी तरह से सक्षम है और किसी भी असामाजिक व शरारती तत्व को माहौल बिगाडने नहीं दिया जाएगा।
प्र: ड्रग्स के मामले में अकाली नेता पर हाल ही में मामला दर्ज हुआ लेकिन अभी तक गिरफ्तारी नहीं हो पाई है, क्या कहेंगे?
उ: नो कमैंट्स।
प्र: प्रधानमंत्री की फेरी के दौरान हुई सुरक्षा चूक के बारे में क्या कहेंगे?
उ: मामला सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में है, इसलिए इस पर कुछ भी कहना उचित नहीं।
प्र: चुनाव के अलावा और क्या-क्या प्राथमिकताएं रहेंगी। आपको कम से कम 2 वर्ष के लिए यह जिम्मेदारी संभालनी है?
उ: पंजाब के संदर्भ में बात की जाए तो विदेशी शरारती तत्वों का खतरा हमेशा बना रहता है। किसी भी कीमत पर आतंक फैलाने वाली व देश के लिए खतरा बनने वाली ताकतों को सफल नहीं होने दिया जा सकता। इसके लिए हर समय पंजाब पुलिस को सतर्क रहना होगा। इसके अलावा राज्य में पिछले कई वर्षों से ड्रग्स, गैंगस्टर जैसी गैर-कानूनी चीजों का भी फैलाव हुआ है, जिसके खात्मे को आगे बढ़ाया जाएगा।
प्र: पंजाब पुलिस के कामकाज में क्या बदलाव करने की चाह है, जमाना बदल रहा है और क्राइम की किस्म भी?
उ: हमारी फोर्स हमेशा ही अपडेट होती रही है। आतंकवाद से लडऩे के लिए भी कई तरह के आधुनिक साजो-सामान का इस्तेमाल किया गया था। अब तो तकनीक व प्रौद्योगिकी काफी आगे बढ़ चुकी है। पंजाब पुलिस के कामकाज को लगातार कम्प्यूटरीकृत किया जा रहा है और पब्लिक सैंट्रिक पुलिस सेवाओं और पब्लिक सर्विस डिलीवरी को और बेहतर किया जाएगा ताकि लोगों में पुलिस की छवि और अधिक सुधरे। साथ ही अपराधों की जांच के लिए और अधिक प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल किया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here