विवादों में पंजाब की जेल, जुराबों के पैकेटों के जरिए चल रहा था ये धंधा
punjabkesari.in Tuesday, Jan 17, 2023 - 09:44 AM (IST)

लुधियाना (स्याल): सुरक्षा के लिहाज से ताजपुर रोड स्थित केन्द्रीय जेल की दीवार पर बनाए गए उंचे सुरक्षा टावर भी अब फैंके का खेल खेलने वाले शरारती तत्वों के निशाने पर है, जो अब इतना उंचा फैंका फैंकने में सक्षम हो गये है जो इन टावरों की उंचाई को भी नाप ले। इसी तरह के एक मामले में जेल की दीवार के दो टावरों के बीच से शरारती तत्वों ने 9 जुराबों के पैकेटों में करीब 1075 नशीली गोलियां फैंककर फरार हो गये, और जेल प्रशासन को आरोपियों की भनक तक न लग पाई।
थाना डिवीजन नंबर 7 की पुलिस ने सहायक सुपरिटैंडैंट सुखदेव सिंह की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों पर एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। यह घटना तब हो रही है, जब जेल की सुरक्षा को लेकर चिंतित सरकार ने हाल ही में जेल मंत्रालय को स्वयं मुख्यमंत्री ने अपने हाथ में ले लिया है। लेकिन इसके बावजूद जेल के इर्द-गिर्द ऐसी घटनाएं हो रही है, जिन पर अंकुश लगाने का सरकार ने भरोसा दिया था। दूसरी ओर सुखदेव सिंह सहायक सुपरिटैंडैंट ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गत दिवस रात करीब 10 बजे टावर नंबर 1 व 2 के बीच से अज्ञात व्यक्ति 9 जुराबें अंदर फैंककर फरार हो गया, जब यह सभी जुराबें डिप्टी सुपरिटैंडैंट सिक्योरिटी की निगरानी में खोला गया तो इनमें भारी मात्रा में नशीली बरामद हुई हैं, जो बंदियों तक पहुंचाने के लिए ही फैंका गया होगा। इस घटना के बाद यह साफ जाहिर हो रहा है कि जेल की दीवार के आसपास निरंतर पुलिस पैट्रोलिंग की भी सख्त जरूरत है, क्योंकि फैंके की सारी घटनाएं दीवार के इर्दगिर्द ही होती हैं।
3 हवालातियों पर मामला दर्ज
जेल के अंदर तीन हवालातियों से दो मोबाइल में 130 ग्राम जर्दा बरामद होने पुलिस ने सहायक सुपरिटैंडैंट सूरजमल की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस जांच अधिकारी गुरदयाल सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान जोंटी, अरुण कुमार, सुखविंदर सिंह सुक्खा के रूप में हुई है