लुधियाना में गैस सिलैंडर फटने से धमाका! घर की दीवार गिरी; बच्चे सहित 3 लोग मलबे में दबे
punjabkesari.in Thursday, Jun 04, 2026 - 06:27 PM (IST)
लुधियाना: शहर के जमालपुर इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गैस लीक होने के कारण एक घर में रखा सिलेंडर अचानक फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि मकान की दीवार ढह गई और घर का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सिलेंडर फटने के बाद घर में भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। धमाके के समय घर के अंदर मौजूद माता-पिता और उनका बच्चा मलबे के नीचे दब गए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने मलबे में दबे तीनों लोगों को बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया। हादसे में तीनों घायल बताए जा रहे हैं, जिनका इलाज जारी है। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। आग लगने के कारण घर का फर्नीचर, घरेलू सामान और अन्य कीमती वस्तुएं जलकर राख हो गईं। घटना के बाद इलाके में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।
प्रारंभिक जांच में गैस रिसाव के कारण सिलेंडर फटने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से गैस सिलेंडरों और घरेलू गैस उपकरणों के उपयोग के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।

