लुधियाना में रूह कंपा देने वाला Accident, तेज रफ्तार, बाइक से नीचे गिरी महिला को ट्रक ने कुचला
punjabkesari.in Tuesday, May 26, 2026 - 02:11 PM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर के हंबड़ा इलाके से एक बेहद हृदयविदारक और रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहां बाइक से सड़क पर गिरी एक महिला सरकारी कर्मचारी को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बेरहमी से कुचल दिया। हादसा इतना खौफनाक था कि महिला अधिकारी की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई।
सूचना मिलते ही थाना लाड़ोवाल के अंतर्गत चौकी हंबड़ा की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान बहादुरके रोड की रहने वाली रवीता के रूप में हुई है। रवीता जगराओं के मुख्य डाकघर में बतौर सहायक डाक अधीक्षक के पद पर तैनात थीं उसके पति का पहले ही देहांत हो चुका है और वह बेहद संघर्षों के साथ अपनी इकलौती मासूम बच्ची की अकेले ही परवरिश कर रही थीं।
मिली जानकारी के मुताबिक, यह भयानक हादसा उस समय पेश आया जब रवीता अपने एक साथी कर्मचारी आकाशदीप सिंह (तैनात सिधवां बेट डाकघर) के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर रोजाना की तरह अपनी ड्यूटी के लिए जगराओं जा रही थीं। चश्मदीदों के मुताबिक, जब दोनों लुधियाना से सिधवां बेट की ओर जाते हुए हंबड़ा में स्थित एचडीएफसी (HDFC) बैंक के ठीक सामने पहुंचे, तो अचानक एक व्यक्ति भागकर सड़क पार करने लगा। रफ्तार तेज होने के कारण वह व्यक्ति सीधे उनकी मोटरसाइकिल से जा टकराया।
इस अचानक हुई टक्कर के कारण बाइक का संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया और पीछे बैठी महिला अधिकारी रवीता सीधा सड़क के बीचों-बीच जा गिरीं। इसी पल पीछे से काल बनकर आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर गिरी रवीता को बुरी तरह रौंद डाला। ट्रक का टायर उनकी खोपड़ी को कुचलता हुआ निकल गया, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।मौके पर पहुंची पुलिस ने खून से लथपथ शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है, वहीं आरोपी ट्रक को भी मौके पर ही जब्त कर लिया गया है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

