Ludhiana: “बिल समय पर... बिजली कब?” 50 घंटे के लंबे Powercut से भड़के लोग, PSPCL पर उठे सवाल

punjabkesari.in Thursday, May 28, 2026 - 06:51 PM (IST)

लुधियाना (गणेश / सचिन) : औद्योगिक नगरी लुधियाना के सेक्टर-32ए इलाके में लंबे समय से जारी बिजली संकट ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भीषण गर्मी के बीच करीब 50 घंटे तक बिजली सप्लाई प्रभावित रहने के दावों के बाद स्थानीय निवासियों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर करते हुए पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (PSPCL) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

इलाके के लोगों का आरोप है कि लगातार शिकायतें दर्ज करवाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा। लंबे बिजली कटों के कारण जहां घरों में पानी की सप्लाई प्रभावित हो रही है, वहीं गर्मी के चलते बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा फ्रिज में रखा खाद्य सामान खराब होने और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के बंद पड़े रहने से लोगों की दैनिक दिनचर्या भी बुरी तरह प्रभावित हुई है।

PunjabKesari

सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट में स्थानीय निवासियों ने तंज कसते हुए लिखा कि “50 घंटे पूरे हो गए बिना बिजली के, लेकिन सुनवाई कहीं नहीं हो रही।” पोस्ट में यह भी कहा गया कि एक तरफ लोग भीषण गर्मी में रातें काटने को मजबूर हैं, जबकि दूसरी ओर बिजली बिल समय पर भेजे जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ समय से पंजाब के विभिन्न शहरों में बिजली कटौती और लोड शेडिंग की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। बढ़ती बिजली मांग, तकनीकी फॉल्ट और मेंटेनेंस कार्यों के चलते कई इलाकों में घंटों बिजली बाधित रहने की स्थिति बन रही है। PSPCL की ओर से समय-समय पर मेंटेनेंस और तकनीकी कारणों से सप्लाई प्रभावित रहने संबंधी सूचनाएं भी जारी की जाती हैं, लेकिन लोगों का कहना है कि तय समय पर सप्लाई बहाल नहीं होने से परेशानी लगातार बढ़ रही है।

सेक्टर-32ए के निवासियों ने मांग की है कि इलाके में जल्द से जल्द बिजली सप्लाई पूरी तरह बहाल की जाए और बार-बार आने वाली तकनीकी समस्याओं का स्थायी समाधान निकाला जाए। लोगों का कहना है कि यदि जल्द राहत नहीं मिली तो आने वाले दिनों में विरोध-प्रदर्शन भी किया जा सकता है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

VANSH Sharma

Related News