रिश्तों का कत्ल! ससुर ने बहू की गला घोंटकर की हत्या, तिरपाल में मिला शव

punjabkesari.in Thursday, Sep 10, 2026 - 11:47 PM (IST)

तरनतारन (रमन) : विधानसभा हलका खेमकरण के अंतर्गत गांव बुआ पत्ती में एक ससुर ने अपनी बहू की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को तिरपाल में लपेटकर घर के एक कमरे में बनी छोटी दीवार के पीछे छिपा दिया गया। थाना कच्चा पक्का पुलिस ने मृतका की मां के बयानों पर मामला दर्ज कर आरोपी ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस को दिए बयानों में परमजीत कौर उर्फ पम्मी पत्नी कुलविंदर सिंह निवासी बुआ पत्ती ने बताया कि उसकी बेटी अमनदीप कौर की शादी करीब 7 वर्ष पहले इसी गांव के निवासी तरलोक सिंह के परिवार में हुई थी और उसकी 2 बेटियां हैं। परमजीत कौर के अनुसार 8 सितम्बर की शाम करीब साढ़े 6 बजे वह रोजाना की तरह अपनी बेटी से मिलने उसके ससुराल गई थी।
वहां अमनदीप कौर का ससुर बलविंदर सिंह मौजूद था। जब उसने अपनी बेटी के बारे में पूछा तो बलविंदर सिंह ने कहा कि उसे नहीं पता कि वह कहां गई है।

परमजीत कौर ने बताया कि उसने घर के कमरों में बेटी की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसी दौरान परिवार का एक सदस्य, जो बाहर काम करता है, घर पहुंचा और अमनदीप के बारे में पूछने के बाद उसकी तलाश में बाहर चला गया।

शिकायतकर्ता के अनुसार इसके बाद उसने दोबारा घर के कमरों की अच्छी तरह तलाशी ली। इस दौरान पेटियां रखने वाले कमरे में बनी एक छोटी दीवार के पीछे प्लास्टिक की तिरपाल में कुछ लिपटा हुआ दिखाई दिया। तिरपाल खोलने पर उसमें अमनदीप कौर की लाश पड़ी मिली। मृतका की मां ने पुलिस को बताया कि अमनदीप कौर का ससुर छोटी-छोटी बातों को लेकर उससे अक्सर झगड़ा करता था। जिसके चलते 8 सितम्बर को भी दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी गई।

इस संबंध में थाना कच्चा पक्का के प्रभारी सब इंस्पैक्टर कृपाल सिंह रंधावा ने बताया कि मृतका की मां के बयानों के आधार पर बलविंदर सिंह पुत्र धर्म सिंह निवासी बुआ पत्ती के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News