नशेड़ियों की प्रताड़ना से तंग आकर युवक ने उठाया खौफनाक कदम! जांच कर रही पुलिस
punjabkesari.in Sunday, Jul 26, 2026 - 10:00 AM (IST)
लुधियाना (राज): नशे की लत को पूरा करने के लिए नशेड़ियों द्वारा पैसे मांगने और लगातार तंग-परेशान करने से दुखी होकर एक 28 वर्षीय युवक द्वारा फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त करने का दुखद मामला सामने आया है। मृतक की पहचान हरमनदीप सिंह के रूप में हुई है।
शिकायतकर्ता (पिता) हाकम सिंह के बयान के अनुसार, उनके बेटे हरमनदीप सिंह की जान-पहचान गांव के ही आशु सिंह और साजन सिंह के साथ थी। आरोपी नशे के आदी हैं और अपनी नशे की पूर्ति के लिए अक्सर हरमनदीप से पैसों की मांग करते रहते थे। मना करने या पैसे न होने पर वे उसे मानसिक रूप से बेहद परेशान और प्रताड़ित करते थे, जिसके चलते हरमनदीप काफी समय से भारी मानसिक तनाव व डिप्रेशन में रह रहा था।
पीड़ित पिता ने बताया कि बीती 24 जुलाई को उनका बेटा घर से काम के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। चिंता होने पर जब उन्होंने उसकी तलाश शुरू की, तो लुधियाना-मालेरकोटला रोड पर गांव लहरा के पास स्थित एक मोटर वाले कोठे पर पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि हरमनदीप ने आरोपियों की प्रताड़ना से तंग आकर मोटर के कोठे की दीवार में लगे लोहे के पाइप से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
पीड़ित परिवार के बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और नामजद आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

