जालंधर में मशहूर क्लॉथ हाउस में लगी आग, पंजाबी सिंगर की ड्रेस भी हुई खराब

punjabkesari.in Monday, Mar 16, 2026 - 03:06 PM (IST)

जालंधर : जालंधर के लंबा पिंड चौक के नजदीक स्थित ड्रेस गुरु क्लॉथ हाउस में आज सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, जिससे दुकान में रखे कपड़ों को भारी नुकसान पहुंचा। घटना के समय दुकान खोली ही जा रही थी, तभी भीतर से धुआं उठता दिखाई दिया। दुकान के मालिक सागर ने बताया कि सुबह करीब 10:15 बजे आग लगने की जानकारी मिली। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखे तैयार कपड़े धुएं और आग की चपेट में आ गए। वहीं दुकान के पीछे स्थित विनय नगर इलाके में भी शॉर्ट सर्किट से कुछ नुकसान होने की बात सामने आई है।

Dress Guru Cloth House

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दुकान कर्मचारियों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए अग्निशमन यंत्रों और पानी की मदद से आग पर काबू पा लिया। दमकल विभाग के पहुंचने से पहले ही आग बुझा ली गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

दुकानदार के मुताबिक इस हादसे में करीब 15 से 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग और धुएं के कारण कई महंगे व तैयार कपड़े खराब हो गए। बताया जा रहा है कि दुकान में कई ग्राहकों की ऑर्डर पर बनी ड्रेसेज़ रखी थीं, जो पूरी तरह प्रभावित हुई हैं। 

इस घटना में पंजाबी गायक कुलविंदर बिल्ला की विदेश में होने वाले शो के लिए तैयार की गई ड्रेस भी खराब हो गई है। ड्रेस जल्द ही विदेश भेजी जानी थी, लेकिन आग के कारण अब यह संभव नहीं हो पाया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News