9 लड़कियों के गायब होने का मामला: पंजाब राज्य महिला आयोग ने लिया सुओ-मोटो नोटिस, पुलिस से मांगी Report

punjabkesari.in Friday, Jun 05, 2026 - 08:58 AM (IST)

लुधियाना (राज): पंजाब के औद्योगिक शहर लुधियाना से एक बेहद ही हैरान और परेशान करने वाली खबर सामने आ रही है। यहां अलग-अलग इलाकों से 9 लड़कियों के अचानक गायब होने के मामले का पंजाब राज्य महिला आयोग ने कड़ा संज्ञान लिया है। समाचार पत्रों और न्यूज़ चैनलों पर प्रमुखता से चल रही इन खबरों को गंभीरता से लेते हुए महिला आयोग की माननीय चेयरपर्सन ने कानून की विशेष धाराओं के तहत खुद सुओ-मोटो नोटिस जारी कर दिया है। आयोग के इस कड़े रुख के बाद अब लुधियाना पुलिस प्रशासन में हडक़ंप मच गया है।

पंजाब राज्य महिला आयोग ने दोटूक शब्दों में कहा है कि पंजाब के भीतर महिलाओं और बेटियों के मान-सम्मान और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। 9 लड़कियों के इस तरह गायब होने के मामले को आयोग ने अत्यंत गंभीर और चिंताजनक माना है। चेयरपर्सन के कड़े आदेशों के बाद पुलिस के उच्चाधिकारियों को बकायदा लिखित निर्देश जारी कर दिए गए हैं। आयोग ने साफ कहा है कि इस बेहद संवेदनशील मामले की जांच किसी जूनियर मुलाजिम से करवाने के बजाय तुरंत किसी सीनियर अधिकारी को सौंपी जाए।

इसके साथ ही, गायब हुई लड़कियों की तलाश में अब तक क्या कदम उठाए गए हैं और पुलिस ने इस पर क्या एक्शन लिया है, इसकी पूरी विस्तृत रिपोर्ट आगामी 8 जून 2026 तक हर हाल में आयोग की आधिकारिक ईमेल पर भेजने के हुक्म दिए गए हैं। आयोग के इस तीखे तेवर से साफ है कि अब लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों पर भी गाज गिर सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News