सियासी चर्चा : उप चुनाव जीतने वाले अरोड़ा व भगत को बनाया गया था मंत्री, क्या संधू का भी लगेगा नंबर?
punjabkesari.in Sunday, Nov 16, 2025 - 01:52 PM (IST)
लुधियाना (हितेश) : पंजाब में 2022 के बाद हुए उप चुनाव के दौरान जीतने वाले आम आदमी पार्टी के 5 में से दो विधायकों को मंत्री बनाया गया था, जिसके मद्देनजर सियासी गलियारों में यह चर्चा छिड़ गई है कि क्या तरनतारन से विधायक बने हरमीत संधू का भी नंबर लगेगा। यहां बताना उचित होगा कि पंजाब में 2022 के बाद सबसे पहले विधानसभा के उप चुनाव जालंधर वेस्ट सीट पर शीतल अंगुराल द्वारा इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल होने की वजह से हुए थे जिसके बाद आम आदमी पार्टी द्वारा भाजपा के बड़े नेता चुन्नी लाल भगत के बेटे महेन्द्र भगत को टिकट दी गई और उन्हें मंत्री बनाने का दावा किया गया।
हालांकि आम आदमी पार्टी द्वारा लोकसभा चुनाव के बाद हुए 4 विधानसभा उप चुनाव के दौरान इस तरह की कोई घोषणा नहीं की गई लेकिन लुधियाना वेस्ट सीट पर विधायक गुरप्रीत गोगी की मौत के बाद हुए उप चुनाव में उम्मीदवार बनाए गए संजीव अरोड़ा को मंत्री बनाने का वायदा करके उसे पूरा भी किया गया जबकि तरनतारन उप चुनाव के दौरान भी आम आदमी पार्टी की तरफ से इस तरह का कोई दाव नहीं खेला गया।
अब हरमीत संधू जीत गए हैं तो सियासी गलियारों में यह चर्चा छिड़ गई है कि क्या अरोड़ा व भगत की तरह हरमीत संधू का भी नंबर लगेगा क्योंकि तरनतारन के उप चुनाव को आम आदमी पार्टी 2027 का सेमीफाइनल बता रही थी और अकाली दल के दो गुटों के साथ कांटे की टक्कर के बाद संधू ने जीत हासिल की है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

