Jalandhar : गारमैंट्स स्टोर के बाहर फायरिंग का मामला, 5 आरोपी गिरफ्तार

punjabkesari.in Sunday, Sep 13, 2026 - 10:22 AM (IST)

लोहियां खास, (सद्दी): शहीद भगत सिंह चौक स्थित एक रेडीमेड गारमैंट्स स्टोर के बाहर गोलीबारी करने के मामले को सुलझाते हुए लोहियां पुलिस ने मुख्य आरोपियों सहित 3 अन्य साथियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से .30 बोर की 1 अवैध पिस्तौल, एक मैगजीन और 3 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने अदालत से आरोपियों का 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश शुरू कर दी गई है।

थाना लोहियां में आयोजित प्रैस वार्ता के दौरान डी.एस.पी. शाहकोट सरवन सिंह बल और एस.एच.ओ. सुखजिंदर सिंह खैहरा ने बताया कि 3 सितम्बर की शाम करीब 6.45 बजे मोटरसाइकिल सवार 2 नकाबपोश युवकों ने गारमैंट्स स्टोर के सामने फायरिंग की थी और मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद एस.एच.ओ. लोहियां की टीम ने इलाके के सी.सी.टी.वी. फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित हुई।

जांच में खुलासा हुआ कि सन्नी पुत्र परमजीत (निवासी बुसोवाल, थाना कबीरपुर, कपूरथला) और उसके साथी अजय कुमार उर्फ नीली पुत्र विजय कुमार (निवासी भोएपुर, थाना शाहकोट) ने स्टोर मालिक से फिरौती वसूलने की नीयत से दहशत फैलाने के लिए गोली चलाई थी।

डी.एस.पी. बल ने बताया कि यह आरोपी गैंगस्टर जग्गा फूकीवाल और नवजोत उर्फ जोता के लिए काम करते हैं। यह गिरोह स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों को धमकियां देकर फिरौती वसूलने का काम करता था, जिससे क्षेत्र के व्यापारियों में भारी खौफ का माहौल बना हुआ था।

मुख्य आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने वारदात में शामिल तीन अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया है जिनमें राहुल पुत्र हरमेश, निवासी गांव चाचोवाल (थाना लोहियां), बलवीर सिंह उर्फ जस पुत्र कुलविंदर सिंह, निवासी पांडेर (थाना सदर नकोदर, जालंधर), जशनप्रीत सिंह उर्फ जशन पुत्र जसप्रीत सिंह, निवासी कबीरपुर (जिला कपूरथला) शामिल हैं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News