Bomb Threat: KVM स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी, आनन-फानन में कराई गई छुट्टी
punjabkesari.in Monday, Jul 13, 2026 - 11:38 AM (IST)
लुधियाना, (राज): महानगर के सबसे व्यस्त और पॉश इलाके रेखी सिनेमा रोड पर स्थित के.वी.एम. स्कूल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब किसी अज्ञात शरारती तत्व द्वारा स्कूल को बम से उड़ाने की खौफनाक धमकी दी गई। यह धमकी भरा मैसेज मिलते ही पूरे स्कूल प्रशासन और बच्चों के अभिभावकों के पैरों तले जमीन खिसक गई। सतर्कता बरतते हुए स्कूल मैनेजमेंट ने बिना कोई जोखिम उठाए तुरंत स्कूल को खाली करवाया और सभी बच्चों की सुरक्षित छुट्टी कर दी।
स्कूल को चारों तरफ से घेरकर चलाया महा-सर्च ऑपरेशन
जैसे ही यह खबर शहर में फैली, पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही भारी पुलिस अमले और बम निरोधक दस्ते के साथ थाना डिवीजन नंबर-1 की पुलिस ने स्कूल को चारों तरफ से घेरकर महा-सर्च ऑपरेशन चलाया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद जब कुछ नहीं मिला, तब जाकर प्रशासन ने राहत की सांस ली।प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज सुबह स्कूल किसी शरारती तत्व द्वारा एक मैसेज भेजा गया। इस मैसेज में साफ लिखा था कि स्कूल परिसर के भीतर बम प्लांट कर दिया गया है और पूरे स्कूल को हवा में उड़ा दिया जाएगा। धमकी मिलते ही स्कूल के प्रिंसिपल और मैनेजमेंट ने तुरंत सूझबूझ दिखाई। बच्चों में दहशत न फैले, इसलिए बेहद शांतिपूर्ण तरीके से सभी क्लासरूम्स को खाली करवाया गया और तुरंत स्कूल वैन व अभिभावकों को सूचित कर बच्चों को सुरक्षित उनके घरों के लिए रवाना कर दिया गया। स्कूल के बाहर अपने बच्चों को लेने पहुंचे सैकड़ों माता-पिता के चेहरों पर साफ तौर पर दहशत और चिंता की लकीरें देखी गईं। बम की इस खौफनाक सूचना के मिलते ही लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस के आला अधिकारी, और थाना डिवीजन नंबर-1 के एसएचओ (SHO) इंस्पेक्टर परमवीर सिंह भारी पुलिस फोर्स और डॉग स्क्वायड (खोजी कुत्तों) के साथ तुरंत मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने के.वी.एम. स्कूल के सभी एंट्री और एग्जिट गेट्स को पूरी तरह सील कर दिया। पुलिस की विशेष टीमों ने स्कूल की सभी बिल्डिंग्स, क्लासरूम्स, लैब, खेल के मैदान, छतों, वॉशरूम और कबाड़खानों का कोना-कोना बेहद बारीकी से चेक किया। करीब 2 से 3 घंटे तक चले इस सघन चेकिंग अभियान के बाद पुलिस को कोई भी संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई, जिसके बाद यह साफ हो गया कि यह मात्र एक 'हॉक्स कॉल' थी। जानकारी साझा करते हुए थाना डिवीजन नंबर-1 के प्रभारी इंस्पेक्टर परमवीर सिंह ने बताया कि पुलिस को स्कूल में बम होने की एक सूचना मिली थी, जिसके बाद सुरक्षा के लिहाज से तुरंत कड़े कदम उठाए गए और पूरे परिसर की गहनता से चेकिंग की गई। उन्होंने राहत जताते हुए कहा कि स्कूल के भीतर से कोई भी विस्फोटक सामान नहीं मिला है और सभी बच्चे व स्टाफ पूरी तरह सुरक्षित हैं।
महानगर के कई स्कूलों को पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां, पेरेंट्स में खौफ, दहशत फैलाने का नया ट्रेंड!
लुधियाना में किसी स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी शहर के कई नामी और प्रतिष्ठित स्कूलों को इस तरह की फर्जी धमकियां मिल चुकी हैं। पुलिस का मानना है कि या तो यह किसी छात्र या शरारती तत्व की स्कूल बंद करवाने की सोची-समझी बेवकूफाना शरारत है, या फिर सरहद पार या देश के भीतर बैठे किसी असामाजिक संगठन द्वारा महानगर की अमन-शांति को भंग करने और जनता के बीच गहरी दहशत व खौफ पैदा करने का एक डिजिटल हथकंडा है। फिलहाल पुलिस हर पहलू पर गहनता से जांच कर रही है।

