मुंह से निकल रहा झाग... Ludhiana में 20 दिन के मासूम पिल्लों समेत 10 स्ट्रीट डॉग्स को दिया संदिग्ध जहर, हालत नाजुक

punjabkesari.in Friday, Nov 13, 2026 - 12:32 PM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर में बेजुबान जानवरों के साथ क्रूरता का एक बेहद दर्दनाक और अमानवीय मामला सामने आया है। सिविल अस्पताल के नजदीक स्थित दाई अहाता वाली गली में संदिग्ध रूप से कोई जहरीला पदार्थ खाने के बाद करीब 8 से 10 स्ट्रीट डॉग्स की हालत बेहद गंभीर हो गई है। जहर के असर से प्रभावित हुए इन बेजुबानों में 20 से 25 दिन के मासूम पिल्ले भी शामिल हैं। 

इलाका निवासियों को आशंका है कि दीपावली और विश्वकर्मा दिवस की रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने साजिश के तहत इन कुत्तों को कोई जहरीली वस्तु खिला दी है। जहर के प्रभाव से कई कुत्तों के मुंह से लगातार झाग निकल रहा है, तो कई की आंखों की रोशनी तक प्रभावित हो गई है। इलाका निवासी गौरव भाटिया ने घटना की भयावहता बयां करते हुए बताया कि बीती शाम गली के कई कुत्ते अचानक बेहद बेसुध और अचेत हालत में घूमते दिखाई दिए। उनकी हालत इतनी खराब थी कि उन्हें कुछ दिखाई नहीं दे रहा था और वे चलते-चलते गली की दीवारों से टकरा रहे थे। गौरव भाटिया के अनुसार, सभी कुत्तों की सांसें काफी तेज चल रही थीं और उनके मुंह से सफेद झाग निकल रहा था। लक्षणों को देखते हुए निवासियों को प्रबल आशंका है कि इन बेजुबानों को किसी ने खाने में मिलाकर 'स्लो पॉइजन' दिया है।

स्थानीय निवासी मनमीत सिंह ने बताया कि दीपावली की रात तक सभी कुत्ते पूरी तरह स्वस्थ थे, लेकिन उसके अगले दिन से उनकी तबीयत धीरे-धीरे बिगड़ने लगी। शुरुआत में लोगों को लगा कि शायद मौसम या किसी आम बीमारी के कारण ऐसा हो रहा है, लेकिन जब एक साथ 8-10 कुत्तों और नन्हे पिल्लों की हालत एक जैसी बिगड़ने लगी, तो जहर दिए जाने की बात सामने आई। इलाकावासियों का गंभीर आरोप है कि घटना की सूचना प्रशासनिक अधिकारियों और संबंधित विभाग को दी गई, लेकिन इसके बावजूद कोई भी अधिकारी या सरकारी पशु चिकित्सक मौके पर सुध लेने तक नहीं पहुंचा।

सरकारी तंत्र की अनदेखी के बीच मोगा की एक पशु प्रेमी एन.जी.ओ. ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए बीती रात अपने स्तर पर एक पशु चिकित्सक को मौके पर बुलाया और सभी पीड़ित कुत्तों का उपचार शुरू करवाया। डॉक्टरों ने बेसुध कुत्तों को ग्लूकोज की ड्रिप चढ़ाकर व एंटी-पॉइजन इंजेक्शन देकर जीवन रक्षक दवाएं दी हैं, हालांकि उनकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। इलाका निवासी हरप्रीत सहित अन्य मोहल्ला वासियों ने पुलिस व प्रशासन से सख्त मांग की है कि गली और आसपास लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज को तुरंत खंगाला जाए, ताकि बेजुबानों को जहर देने वाले अमानवीय व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News