मंत्री के सामने खुल गई नगर निगम की पोल! महीनों से वेतन को तरस रहे सफाई कर्मचारी
punjabkesari.in Friday, Jun 12, 2026 - 11:00 PM (IST)
लुधियाना, (हितेश) : सफाई कर्मियों ने कई महीनों से सैलरी न मिलने को लेकर लोकल बॉडी मंत्री के सामने नगर निगम अधिकारियों की पोल खोल कर रख दी है। यहां बताना उचित होगा कि पंजाब भर में चल रही स्पेशल सेनिटेशन ड्राइव के दौरान लोकल बॉडी मंत्री शुक्रवार को लुधियाना में चेकिंग करने के लिए पहुँचे थे। इस दौरान मंत्री ने डीएमसी हॉस्पिटल के नजदीक मिले सफाई कर्मियों से शहर को चमकाने में सहयोग देने की अपील की तो उन्होंने आगे से अपनी पेंडिंग मांगों की लिस्ट थमा दी। इसमें कई महीनों से सैलरी न मिलने का मामला मुख्य रूप से शामिल है।
सफाई कर्मियों ने रोष व्यक्त किया कि एक तरफ तो डी सी रेट व ओवरएज मुलाजिमों को पक्का नहीं किया जा रहा और फिर नाममात्र सैलरी भी न मिलने के कारण उन्हें आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। इस बात पर दलित विकास बोर्ड के चेयरमैन विजय दानव ने भी य़ह कहकर मोहर लगा दी कि डी सी रेट मुलाजिमों को एक्सटेंशन देने की फाइल नीचे से लेकर मेयर तक पास करने में ही कई महीने लगाए जा रहे हैं और उनकी हाज़िरी बनाकर भेजने का सिस्टम भी ठीक नहीं है। जिसके चलते उन मुलाजिमों को सैलरी न मिलने कारण घर का राशन, किराया, बच्चों की फीस के लिए पैसे की दिक्कत आ रही है। इस मुद्दे पर मंत्री द्वारा रिपोर्ट मांगने पर वहां मोजूद जोनल कमिश्नर सेखो व हेल्थ ऑफिसर मल्होत्रा कोई संतोषजनक जबाव नहीं दे पाए और उन्होंने नए आए डी डी ओ पर मुलाजिमों को सैलरी देने मे हो रही देरी का ठीकरा फोड़ने की कोशिश की।

