लुधियाना में जुमे की नमाज के दौरान गरमाया माहौल, इलाके में तनाव
punjabkesari.in Saturday, Mar 14, 2026 - 05:06 PM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर के टिब्बा रोड स्थित पंजाबी बाग के मायापुरी चौक इलाके में उस वक्त भारी तनाव फैल गया, जब जुमे की नमाज अदा कर रहे नमाजियों पर कुछ शरारती तत्वों ने अचानक हमला बोल दिया। इस हमले में 3 से 4 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और पूरी घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। मौके पर पहुंची थाना टिब्बा की पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित मोहम्मद अनीस मलिक के निवास पर जुमे की नमाज का आयोजन किया गया था, जिसमें करीब 40 से 50 लोग मौजूद थे। नमाज के दौरान ही अचानक कुछ युवक वहां पहुंचे और बिना कुछ सोचे-समझे हमला कर दिया। अनीस मलिक का कहना है कि हमलावरों की रंजिश शायद किसी और के साथ थी, लेकिन उन्होंने नमाज पढ़ रहे निर्दोष लोगों को निशाना बनाया। घायल मोहम्मद सोनू ने बताया कि दो युवक बाइक पर आए और देखते ही देखते पथराव शुरू कर दिया, जिससे वहां भगदड़ मच गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना टिब्बा की पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
सब इंस्पेक्टर बलवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर चलते दिखाई दे रहे हैं। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि किसी भी शरारती तत्व को बख्शा नहीं जाएगा और इलाके में अमन-शांति बनाए रखने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। फिलहाल, पुलिस इस मामले की हर पहलू से बारीकी से तफ्तीश कर रही है ताकि असली दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

